पानीपत भाजपा महिला मोर्चा ने निकाली तिरंगा यात्रा ; यात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा से स्वागत, MLA प्रमोद विज बोले-आज देश के हर घर में शान से लहरा रहा तीरंगा
पानीपत :- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत हरियाणा के पानीपत शहर की भाजपा महिला मोर्चा इकाई ने तिरंगा यात्रा निकाली। महिला मोर्चा की अध्यक्ष इंदु कुकरेजा द्वारा पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज के नेतृत्व में फतेहपुरी चौक से लेकर सलारगंज गेट, इंसार बाजार होते हुए यात्रा का आयोजन किया गया।
यात्रा का शुभारंभ करनाल लोकसभा सीट से सांसद संजय भाटिया की अगुआई में हुआ। यात्रा के दौरान शहर के आम नागरिकों द्वारा यात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा से स्वागत किया गया एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा जल सेवा भी की गई। वहीं बाजारों में पहुंचने पर सांसद पत्नी अंजू भाटिया, विधायक प्रमोद विज की पत्नी नीरू विज ने बाजार एसोसिएशन प्रतिनिधियों एवं दुकानदारों द्वारा भव्य स्वागत के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए उनका अभिवादन स्वीकार किया।

इनकी रही सहभागिता
पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज के नेतृत्व में चली तिरंगा यात्रा में शहर के विभिन्न वर्गों की महिलाओं ने शिरकत की। वहीं यात्रा में सम्मिलित होने आए भाजपा पदाधिकारियों ने भी यात्रा में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। यात्रा में प्रेम इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज, आईबी कॉलेज, डॉ. एमकेके मॉडल स्कूल सहित अन्य संस्थानों की छात्राओं के साथ-साथ NCC, NSS स्काउट ने भी सहभागिता की।
शिक्षण संस्थाओं की छात्राएं यात्रा के दौरान देश भक्ति गीतों पर जमकर झूमीं। कार्यक्रम में मुख्य रूप से वरिष्ठ नेता गजेंद्र सलूजा, सीनियर डिप्टी मेयर दुष्यंत भट्ट, पानीपत शहरी विधानसभा के पांचों मंडल अध्यक्ष और भाजपा के सभी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
MP-MLA बोले- ऐतिहासिक है यात्रा
सांसद संजय भाटिया ने कहा कि देश भक्ति भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा में सर्वोपरि है। आज की तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब बताता है कि भारतीय जनता पार्टी के प्रति लोगों की आस्था और प्रेम अटूट है।
शहर विधायक प्रमोद विज ने कहा कि मैं महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष बहन इंदु कुकरेजा और सभी महिलाओं का आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने अपनी उपस्थिति से इस यात्रा को ऐतिहासिक बना दिया। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रवादी विचारधारा वाले नेतृत्व का ही परिणाम है कि आज देश के हर घर में तिरंगा शान से लहरा रहा है एवं आने वाली युवा पीढ़ी उनसे प्रेरित हो रही है।


