शहीद भगत सिंह लाइब्रेरी चिड़ाना में 25 स्कूलों के विद्यार्थियों का सम्मान
पेंटिंग प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को मिले प्रमाण-पत्र, तीन विजेताओं को ट्रॉफी देकर किया सम्मानित

चिड़ाना, 26 अक्टूबर । शहीद भगत सिंह लाइब्रेरी, चिड़ाना में महर्षि वाल्मीकि, भक्त मीराबाई और अमर शहीद क्रांतिकारी पत्रकार गणेश शंकर विद्यार्थी की जयंती मनाई और इस अवसर पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में 25 स्कूलों के विद्यार्थियों को पेंटिंग-प्रतियोगिता में भागीदारी के लिए प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। लाइब्रेरी-संस्थापक मास्टर राजेश लठवाल ने मुख्य-अतिथि के रूप में विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए। प्रमाण-पत्र प्रदान करने के लिए 30-30 छात्रों के 10 बैच बनाकर उचित व्यवस्था प्रबंधन किया गया। सम्मान पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे।
पिछले महीने शहीद भगत सिंह जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित प्रतियोगिता में यूनिवर्सिटी कैंपस स्कूल, खानपुर कलां के रितेश ने प्रथम, भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय की प्रिया ने द्वितीय और यूनिक पब्लिक स्कूल, पुगथला के प्रतीक ने तृतीय स्थान हासिल किया। तीनों विजेताओं को ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं संयोजन लाइब्रेरी प्रधान अनिल लठवाल ने किया। इस अवसर पर मास्टर रवि कुमार, मास्टर सुरेंद्र लठवाल, प्रीति, नेहा और राजेश सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।



