स्वच्छता अभियान से दिया स्वच्छ और स्वस्थ समाज का संदेश, विद्यार्थियों ने लिया साफ-सफाई बनाए रखने का संकल्प
आईटीआई में ‘क्लीन इंडिया प्रोग्राम’ के तहत स्वच्छता अभियान आयोजित

सोनीपत, 27 अक्टूबर। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), सोनीपत में मंगलवार को ‘क्लीन इंडिया प्रोग्राम’ के अंतर्गत स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। वर्ग अनुदेशक सुनील मलिक के निर्देशन में आयोजित इस अभियान में संस्थान के अनुदेशकों, विद्यार्थियों, एनसीसी कैडेट्स तथा सफाई कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से भाग लेकर स्वच्छता का संदेश दिया।
अभियान के दौरान प्रशासनिक भवन के आसपास, डी पार्क, टूल एंड डाई वर्कशॉप के पीछे, वेल्डर वर्कशॉप तक तथा मुख्य द्वार के पास स्थित बड़े पार्क सहित विभिन्न क्षेत्रों में साफ-सफाई की गई। इसके अलावा कक्षाओं, पार्किंग स्थल और संस्थान के अन्य हिस्सों की सफाई कर विद्यार्थियों को स्वच्छ वातावरण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाएं विद्यार्थी : विक्रम सिंह
संस्थान के प्रधानाचार्य विक्रम सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि इसे अपने दैनिक जीवन की आदत बनाना आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने संस्थान, घर, गांव और शहर के आसपास साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को स्वयं स्वच्छता अपनाने के साथ-साथ अन्य नागरिकों को भी इसके प्रति जागरूक करना चाहिए।
अप्रेंटिस एवं प्लेसमेंट अधिकारी रविदत्त तथा उपप्रधानाचार्य विनय कुमार गौतम ने भी विद्यार्थियों से स्वच्छता अभियानों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपने आसपास स्वच्छ वातावरण बनाए रखने की अपील की।
इस अवसर पर वर्ग अनुदेशक संजय श्योराण, सुरेश कुमार, सुभाष चंद्र, दीपक, गणित अनुदेशक रवि चहल एवं प्रदीप, भूप सिंह, राजेश रोहिला, जगबीर राणा, सहित संस्थान के अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।



