पानीपत :- हरियाणा के पानीपत शहर में गोहाना मोड़ पर फल खरीद रहे ससुर को बहू ने अपने मायका पक्ष की महिलाओं और अन्य लोगों के साथ पीट-पीटकर किडनैप कर लिया। इसके बाद उसे एक कमरे पर ले गए। जहां उसे पीटा गया। इतना ही नहीं, बहू ने सास को भी घर में घुसकर खूब पीटा।
इस वारदात में बेटे ने भी बहू का ही साथ दिया। मामला प्रॉपर्टी विवाद का है। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ IPC की धारा 148, 149, 323, 506, 365 के तहत केस दर्ज कर लिया है।
कार में सवार होकर आए थे आरोपी
सेक्टर 29 थाना पुलिस को दी शिकायत में हवा सिंह ने बताया कि वह गांव बिंझौल का रहने वाला है। सोमवार सुबह 10 बजे वह घर से केले लेने के लिए गोहाना मोड़ पर गया था। जहां अचानक उसके पास एक सेंट्रो कार आकर रुकी। कार से 5-6 महिलाएं और 4 पुरुष उतरे और उससे मारपीट करनी शुरू कर दी।
जिस दौरान वह बेहोश हो गया। इसके बाद उसे जबरदस्ती कार में डालकर NFL नहर के पास ले गए। कार में बैठी महिलाओं ने ड्राइवर को कहा कि इसे मार कर नहर में फेंक देते हैं। बेहोशी में उसने आरोपियों के पैर पकड़े। इसके बाद वे उसे गांव बिंझौल की अमर कुंज कॉलोनी में ले गए।
सास को भी पीटा
हवा सिंह ने बताया कि उसकी पुत्र वधु श्रुति चार महिलाओं को लेकर उसके घर गई और वहां उसकी पत्नी प्रेम कुमारी से मारपीट की। इस पूरे प्रकरण में उनका बेटा विकास भी महिलाओं का ही साथ दे रहा था। आरोपियों ने उसकी पत्नी को पीटकर अधमरा कर दिया। हवा सिंह ने बताया कि उसने बेटा और बहू को अपनी जमीन जायदाद से बेदखल किया हुआ है। इसी वजह रंजिशन उसके साथ ये सब किया गया है।