मतलौडा :- पानीपत के गांव अहर में कैंटर चालक रिंकू (32) की गुरुवार आधी रात को चाकू से गोदकर हत्या कर दी। आरोप मृतक की पत्नी रुखसाना और चचेरे भाई साहिल पर है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि रुखसाना और साहिल के बीच अवैध संबंध थे। पहले भी इसको लेकर कलह हुई थी। तब परिजनों ने आरोपी साहिल को समझाया था।
आरोप है कि देवर-भाभी ने चाकू से रिंकू के पेट, गर्दन, सिर, हाथ पर 7-8 वार किए। थाना मतलौडा पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। गांव अहर के सुनील कुमार ने पुलिस को बताया कि वो दो भाई और एक बहन हैं। छोटा भाई रिंकू पहले कैंटर चलाता था। अब दो महीने पहले ही खुद का कैंटर खरीदा था। रिंकू की रुखसाना के साथ शादी हुई थी और उनके तीन बच्चे हैं।
आरोप है कि रुखसाना के रिंकू के चचेरे भाई साहिल के साथ अवैध संबंध बन गए। इसको लेकर परिवार के लोग साहिल को कई बार समझा चुके थे, लेकिन वो हरकतों से बाज नहीं आया। मंगलवार रात करीब 11 बजे रिंकू काम से घर पहुंचा था। गुरुवार रात करीब 12 बजे रिंकू के घर से चिल्लाने की आवाज आई।
वह उनके घर पहुंचा। वहां देखा कि साहिल चाकू से रिंकू पर ताबड़तोड़ वार कर रहा था, जबकि रुखसाना ने रिंकू के हाथ पकड़े हुए थे। इसके बाद साहिल मौके से फरार हो गया। वो अपने भाई को खून से लथपथ हालात में अस्पताल में ले गया, जहां मृत घोषित कर दिया गया।