पानीपत :- हरियाणा के पानीपत जिले में एक बार फिर एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने कार्रवाई की है। टीम ने गांव बापौली में बिजली निगम के CA सतबीर को 1 लाख रुपए रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी सतबीर बिल सेटलमेंट करने की एवज में रुपए ले रहा था।
व्यक्ति ने मामले की शिकायत ACB काे दी थी। इसके बाद टीम ने ट्रैप लगाकर उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। जिसे मौके से पानीपत ACB कार्यालय लाया गया। यहां टीम कागजी कार्रवाई कर रही है।
फैक्ट्री का था बिल
जानकारी देते हुए ACB इंस्पेक्टर सुमित कुमार ने बताया कि मामला साढ़े 5 लाख रुपए बिजली के बिल का था। शिकायतकर्ता ने बताया था कि उसकी एक फैक्ट्री है, जिसका इतना बिल आया था। उसका दावा था कि उसका इतना बिल नहीं बनता है।
इसके लिए उसने बिजली निगम अधिकारियों से संपर्क किया। बिजली निगम में ये लेखा-जोखा CA सतबीर के पास था। इसलिए सतबीर ने सेटलमेंट के नाम पर 1 लाख रुपए की मांग की। जोकि शिकायतकर्ता देना नहीं चाह रहा था। लेकिन सतबीर लगातार मांग रहा था। जिसके बाद उसने ACB को कंप्लेंट कर दी।



