समालखा :- पानीपत जिले के समालखा कस्बे में एक कार चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। वहीं हादसे में बाइक सवार जमीन पर गिर कर अचेत हो गया। जिसे राहगीर आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले गए।
जहां से उसे पानीपत सिविल अस्पताल भेज दिया गया। सिविल अस्पताल पानीपत के डॉक्टरों ने चेकअप के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के कपड़ों से बरामद दस्तावेजों से उसकी पहचान की। इसके बाद शव का पंचनामा भरवा कर शवगृह में रखवा दिया।
समालखा उत्सव गार्डन के पास पहुंचा हादसा
मृतक की पहचान प्रताप सिंह(48) के रूप में हुई है। वह पानीपत तहसील में बतौर कानूनगो के पद पर कार्यरत था। प्रताप समालखा की पंचवटी कॉलोनी का रहने वाला था। रोजाना की तरह वह बुधवार शाम को तहसील का काम निपटा कर अपने घर जा रहा था।
समालखा में जब वह उत्सव गार्डन के पास पहुंचा तो वहां सामने से रॉन्ग साइड से आ रही एक तेज रफ्तार कार चालक ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। वहीं हादसे में प्रताप सिंह की मौत हो गई।



