पानीपत :- हरियाणा के पानीपत में राज नगर में रहने वाली एक महिला को उसके पति ने छत से नीचे गिरा दिया। रक्षाबंधन पर महिला अपने पति के साथ ससुराल नहीं गई थी। जिससे पति आवेश में आ गया। उसने गाली-गलौज और मारपीट करते हुए घर की छत से पत्नी को धक्का देकर नीचे सड़क पर गिरा दिया
जिससे महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ IPC की धारा 323, 308 व 506 के तहत केस दर्ज कर लिया है।
शाम को वापस लौटने पर दिया घटना को अंजाम
8 मरला चौकी पुलिस को दी शिकायत में महिला नूतन ने बताया कि वह करनाल के गांव गोली की रहने वाली है। हाल में वह पानीपत के राज नगर में किराए पर अपने पति शिवकुमार के साथ रहती है। महिला ने बताया कि 31 अगस्त को रक्षाबंधन पर उसका पति गांव गोली ले जाना चाहता था, लेकिन उसने अपने पति को गांव जाने से मना कर दिया। क्योंकि उसकी ससुराल वाले उसे पसंद नहीं करते हैं।
पति बोला- गांव क्यों नहीं गई
इसी शाम वह रोजाना की तरह खाना बना रही थी। उसका पति गांव से वापस घर लौटा और उससे गाली-गलौज करनी शुरू कर दी। उससे कहा कि वह उसके साथ गांव क्यों नहीं गई।
इसके बाद उससे मारपीट करने लगा। महिला अपने पति से बचती हुई घर की छत पर चली गई। जहां पति भी पीछे-पीछे आ गया। यहां आने के बाद उसने फिर मारपीट की और कहा कि आज वह उसे जान से मार देगा। इतना कहने के बाद उसने पत्नी को छत से धक्का देकर बाहर गली में गिरा दिया।



