कुरूक्षेत्र :- हरियाणा के कुरुक्षेत्र के जीटी रोड पर उमरी चौक के पास एक ढाबे की पार्किंग से एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) करनाल की टीम ने पुलिस के ASI को एक ट्रांसपोर्टर से 30 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी आनंद बख्शी हाईवे पायलट गाड़ी नंबर 3 पर प्रभारी नियुक्त था। आरोपी दो बार शराब ठेकेदारों से भी रिश्वत ले चुका था, मगर मंथली बांधने के चक्कर में पकड़ा गया।
सोनीपत के गोहाना के रहने वाले ट्रांसपोर्टर ने शिकायत में बताया कि उसकी ट्रांसपोर्ट गाड़ियां अलग-अलग इलाके में सामान ट्रांसपोर्ट करती है। इन गाड़ियों को आरोपी आनंद बख्शी पकड़ कर छोड़ने के एवज में रिश्वत की मांग करता था। अब आरोपी ने उससे इन गाड़ियों को निकालने के एवज में 30 हजार रुपए मंथली देने की मांग की थी, जिसकी शिकायत उसने एंटी करप्शन ब्यूरो करनाल को दी थी।
शिकायत मिलने के बाद आरोपी को पकड़ने के लिए टीम ने जाल बिछाना शुरू कर दी। शिकायतकर्ता को चिह्नित नोट देकर उमरी चौक के पास ढाबे की पार्किंग में भेजकर आरोपी को वहां बुला लिया। जैसे ही आरोपी ने नोट लिए तो इशारा पाकर टीम ने मौके पर ही आरोपी को दबोच लिया। हाथ धुलवाने पर आरोपी के हाथ लाल हो गए।
कुरुक्षेत्र एंटी करप्शन ब्यूरो के प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि करनाल टीम ने आरोपी आनंद को उनके हवाले कर दिया था। आगामी कार्रवाई करते हुए उनकी टीम ने आरोपी को अदालत में पेश किया। कोर्ट के आदेश से आरोपी एएसआई आनंद बख्शी को जेल भेज दिया।



