समालखा :- हरियाणा के पानीपत जिले के समालखा थाना क्षेत्र में एक महिला दुकानदार के साथ सरेआम मारपीट व छेड़छाड़ करने का मामला सामने आया है। महिला के साथ उसके पड़ोस में रहने वाले पिता-पुत्र ने इस वारदात को अंजाम दिया है। जब महिला ने खुद के साथ हो रही छेड़छाड़ का विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।
जिस दौरान उसके सिर में गंभीर चोट लगी है। इसी बीच महिला का मंगल सूत्र भी गायब हो गया। जिसे महिला ने आरोपियों द्वारा ही झपटने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ IPC की धारा 323, 34, 506 व 509 के तहत केस दर्ज कर लिया है।
नशे में धुत था आरोपी
समालखा थाना पुलिस को दी शिकायत में एक महिला ने बताया कि वह थाना क्षेत्र की रहने वाली है। उसने घर के आगे गली में परचून की दुकान संचालित की हुई है। 27 अगस्त की दोपहर 11:30 बजे जब वह अपनी दुकान पर बैठी तो वहां पड़ोस में रहने वाला तेजबीर उर्फ जंगली शराब के नशे में धुत होकर उसके पास आया। उसने वहां आते ही गाली-गलौज करनी शुरू कर दी। जब महिला ने इसका विरोध किया तो उसने अश्लील हरकतें करते हुए उसके कपड़े फाड़ दिए। इसके बाद उसकी पिटाई की।
हाथ में चाकू लहराता हुआ आया आरोपी बेटा
इसी बीच तेजबीर का बेटा कुलदीप भी वहां आ गया। जिसके हाथ में चाकू था और उसने आते ही हमला कर दिया। सिर में भी तेजधार हथियार व ईंटों से हमला किया। हमले के दौरान आरोपी गले से सोने का मंगलसूत्र भी तोड़ ले गए। पड़ोसियों के बीच बचाव कर किसी तरह उसे छुड़वाया और उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां वह उपचाराधीन है।
गली में दिखने पर जान से मारने की धमकी
महिला ने बताया कि आरोपी तेजबीर उसके साथ पहले भी कई बार अश्लील हरकतें व मारपीट कर चुका है। वह आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है। उससे उसे व उसके परिवार को जान का खतरा बना हुआ है। दोनों पिता-पुत्र ने धमकी देते हुए कहा कि अगर वह उन्हें गली में कही भी दिखाई दिए तो वे उसे जान से मार देंगे।



