पानीपत :- पानीपत शहर में एक स्कूल की प्रिंसिपल से दिनदहाड़े नए तरीके से छीना-झपटी की वारदात को अंजाम दिया गया। बदमाशों ने गाड़ी के बोनेट पर मोबिल ऑयल डाला। जिससे गाड़ी में धुआं उठने लगा। जब यह चेक करने नीचे उतरे तो इसी दौरान दो बदमाश उनके हाथ से पर्स छीनकर फरार हो गए।
पर्स में कैश, मोबाइल फोन समेत अन्य सामान था। प्रिंसिपल पानीपत से दिल्ली अपने मायके जा रही थी। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर स्नैचिंग का केस दर्ज कर लिया है।
पेट्रोल पंप से तेल डलवा कर चले थे आगे
चांदनीबाग थाना पुलिस को दी शिकायत में रेखा बजाज ने बताया कि वह मॉडल टाउन स्थित एक स्कूल में प्रिंसिपल हैं। 29 अगस्त की दोपहर 3:10 बजे वह अपने घर से गाड़ी में ड्राइवर सतबीर सिंह के साथ मायके दिल्ली जाने के लिए निकली थी। उन्होंने गाड़ी में जीटी रोड स्थित एक पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाया और दिल्ली की साइड चल दिए।
जब वे अनाज मंडी पुल से थोड़ा आगे पहुंचे तो अचानक उनकी गाड़ी के बोनेट से धुआं निकलता दिखाई दिया। इसके बाद गाड़ी को रुकवाया और नीचे उतर कर चेक किया। जिस दौरान पता लगा कि किसी ने बोनेट पर मोबिल ऑयल डाला हुआ था। इसका धुआं इंजन से होता हुआ गाड़ी के अंदर जा रहा था।
कैश, मोबाइल समेत ये सामान था
प्रिंसिपल रेखा ने बताया कि गाड़ी से उतरने के दौरान उनका पर्स हाथ में ही था। इसी दौरान वहां दो युवक आए और उसका पर्स छीनकर फरार हो गए। पर्स में 10 हजार रुपए कैश, एक मोबाइल फोन, चार्जर, चांदी की दो झुमकियां, एक चांदी की माला, एक मल्टी कलर मोती की माला, एक काले मोती की माला, एक सफेद ब्राउन माला, एक 8 लड़ी की सेमी प्रीसियस स्टोन की माला थी।



