पानीपत :- हरियाणा के पानीपत शहर में एक युवक ने आत्महत्या कर ली। युवक ने खुद को पिस्तौल से संदिग्ध परिस्थितियों में गोली मार ली। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। खून से लथपथ हालत में युवक को कमरे में पड़ा देख परिजनों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर FSL टीम को भी बुलाया गया। दोनों टीमें मौके पर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को वहां से सिविल अस्पताल के लिए भेजा गया। जहां उसका पंचनामा भरवा कर शवगृह में रखवा दिया गया है। पुलिस मामले की आगामी कार्रवाई में जुट गई है।
देर रात किया सुसाइड, परिजनों ने दोपहर को देखा
मृतक की पहचान आशीष बंसल (30-32) के रूप में हुई है। मृतक सेक्टर 23 की TDI सिटी में रहता है। बीती रात को वह घर पर अपने कमरे में था। परिवार में मां भी घर पर ही थी। वह अपने कमरे में सो रही थी। सोमवार सुबह निर्धारित समय पर आशीष नहीं उठा। न ही उसके कमरे में कोई हलचल हुई।
परिजनों को लगा, शायद वह सो रहा है। मगर, जैसे-जैसे दिन चढ़ता रहा, परिजनों को किसी अनहोनी की आशंका होती रही। परिजनों ने कई बार दरवाजा भी खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। फोन भी किए, लेकिन वहां भी जवाब नहीं मिला। दरवाजा भी अंदर से बंद था।

इसके बाद किसी तरह दरवाजे को खोला गया तो देखा कि भीतर कमरे में वह खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ था। उसके दाहिने हाथ में पिस्तौल थी। उसके सिर में गोली लगी हुई थी। अभी युवक के खुद को गोली मारे जाने के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है।



