पानीपत :- हरियाणा के पानीपत शहर के रहने वाले एक बुजुर्ग के साथ साइबर ठगी हुई है। दरअसल, पीड़ित ने OLX पर घड़ी का विज्ञापन देखकर उसे खरीदने के लिए 50 हजार रुपए ठगों के खातों में ट्रांसफर कर दिए।
इसके बाद घड़ी न देकर ठगों ने और 30 हजार रुपए की मांग की, जिसके बाद उसे शक हुआ, लेकिन आरोपियों ने उसके 50 हजार वापस नहीं किए, तब उसने मामले की शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत लेकर केस दर्ज कर लिया है।
पैसे लेने के बाद कहा- वेंडर ने बेचने से मना कर दिया
साइबर थाना पुलिस को दी शिकायत में गुरदीप सिंह ने बताया कि वह सेक्टर-18 का रहने वाला है। उसने OLX पर एक घड़ी का विज्ञापन देखा था, जिसका उसने 50 हजार रुपए में सौदा तय कर लिया था। उसे दुकानदार को रुपए भी भेज दिए।
23 अप्रैल को एक व्यक्ति ने 30 हजार रुपए और जमा करवाने को कहा। उसने कहा कि उनका वेंडर 50 हजार रुपए में बेचने से मना कर रहा है, इसलिए 30 हजार और देने होंगे, लेकिन गुरदीप ने अपने 50 हजार रुपए वापस मांगे, जो उसने नहीं दिए।
गुरदीप को कुछ समझ नहीं आया तो उसने जिस खाते में रुपए जमा करवाए थे, उसकी अपने तौर पर जांच शुरू की। पता लगा कि खाता इंडियन बैंक, हरि नगर ब्रांच, दिल्ली का है, जो 17 मार्च 2023 को ही खोला गया था, जिसमें आरोपी ने पता इटावा का दिया हुआ है। ठग का नाम विक्की कुमार है।



