
इसराना :- हरियाणा के पानीपत जिले के इसराना उपमंडल के युवक को ऑस्ट्रेलिया में स्टडी वीजा पर भेजने के नाम पर 16 लाख रुपए ठगे गए हैं। ठग एजेंट ने युवक के चाचा को अपनी बातों में फंसाया। रुपए लेकर बैंकॉक भेज दिया। वहां उसे ऑस्ट्रेलिया का फर्जी वीजा दिया।
बैंकॉक में जांच के दौरान छात्र पकड़ा गया, जो 4 दिन उनकी कस्टडी में रहने के बाद पूरी कहानी बताने पर छूटा। इसके बाद किसी तरह उसे भारत वापस लाया गया। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।
करनाल का रहने वाला ठग
इसराना थाना पुलिस को दी शिकायत में रमेश सिंह ने बताया कि वह गांव मांडी का रहने वाला है। 26 अगस्त को उसकी मुलाकात संजीव कुमार निवासी सेक्टर-6 करनाल के साथ हुई थी। उसने बताया कि वह विदेश भेजने का काम करता है।
उसने अपना ऑफिस दिल्ली और करनाल में बताया। इसके बाद वह उसके दिल्ली स्थित कार्यालय में गया था, जहां संजीव कुमार ने उन्हें कहा कि आपके भतीजे शुभम को 16 लाख रुपए में ऑस्ट्रेलिया में पढ़ाई के लिए भेज देगा। इसके बाद उन्होंने संजीव को 5 लाख रुपए एडवांस दे दिए।
ऑस्ट्रेलियाई डॉलर में फीस भरने के नाम पर मांगे रुपए
30 जनवरी को ऑस्ट्रेलिया की एक यूनिवर्सिटी का स्टूडेंट ID नंबर और लेटर उसने थमाया। इसके बाद उसने 11400 ऑस्ट्रेलियाई डॉलर में फीस भरने की बात कही। इस बात पर भी वह 11 लाख रुपए उसने ले गया। 27 मार्च को उन्हें सबक्लास 600 वीजा दे दिया।
संजीव के कार्यालय में काम करने वाली अंजली नाम की लड़की ने दिल्ली से बैंकॉक की एयर टिकट दी। शुभम 10 दिन तक बैंकॉक में रहा। 6 मई को बैंकॉक से ऑस्ट्रेलिया का टिकट मिला, जिसे बैंकॉक एयरपोर्ट पर चैकिंग के दौरान फर्जी बता दिया गया। इसके बाद वहां के अधिकारियों ने उसे 4 दिन तक बैंकॉक में रोके रखा।



