पानीपत :- पानीपत के सिवाह गांव से एक महिला संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। महिला को उसके पति के अवैध संबंधों का पता लग गया था। जिसके बाद उन्होंने महिला को मारकर गायब करने की धमकी दी थी। इस बारे में महिला ने अपने मायका में भी बताया था।

महिला सिवाह स्थित एक कॉलेज में पढ़ने के लिए गई थी। इसी बीच वह रास्ते से लापता हो गई। जिसकी शिकायत मायका पक्ष ने पुलिस को दी है। शिकायत में ससुरालियों पर शक जताया है।
3 साल पहले हुई थी शादी, कई बार हुई पंचायत
सेक्टर 29 थाना पुलिस को दी शिकायत में राजेश ने बताया कि वह गांव सिवाह का रहने वाला है। उसकी बेटी तनीषा उर्फ तनु की शादी लगभग 3 साल पहले योगेश निवासी रामनगर हाल विकास नगर के साथ हुई थी। शादी के बाद से ससुराल पक्ष द्वारा लड़की को तंग किया जा रहा था। इस बारे में कई बार पंचायती तौर पर ससुराल पक्ष ने माफी भी मांगी और आगे तंग न करने के लिए पंचायत को आश्वासन दिया गया था।
पति के अवैध संबंधों के फोटो-वीडियो मायका में दिखाए
पंचायती फैसले के कुछ दिन बाद लड़की ने योगेश की शादी के पहले और बाद के अवैध संबंधों के बारे में मायके में बताया। इतना ही नहीं, उसके कुछ फोटोग्राफ और वीडियो भी दिखाए। यह सब बताने के बाद योगेश ने तनीषा को पीटना शुरू कर दिया और कहा कि तुझे मार के ऐसी जगह दबा देंगे कि तेरे पिता को भी पता नहीं चलेगा।
इस बारे में तनु ने पिता को फोन पर सूचित भी किया। 19 अगस्त को योगेश के पिता महावीर का फोन आया कि आपकी बेटी को आज कॉलेज भेजा गया, लेकिन वह किसी दूसरी लड़की के साथ कॉलेज से लापता हो गई। घर वापस नहीं लौटी। पिता ने शक जताया कि उसकी बेटी तनीषा को उसके पति योगेश व योगेश के माता-पिता, भाई और उसकी प्रेमिका कविता निवासी करनाल ने कहीं लापता किया है।



