पानीपत :- हरियाणा के पानीपत शहर के मॉडल थाना क्षेत्र के एक गांव से 13 वर्षीय लड़की संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई है। लड़की अपने परिवार संग सोनीपत से 17वीं रस्म क्रिया में शामिल होने आई थी। इस दौरान पानीपत के एक गांव के रहने वाले 2 सगे भाई उसे शादी करने की नीयत से बहला-फुसला कर भगा ले गए। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों सगे भाइयों पर केस दर्ज कर लिया है।
शाम को वापस जाते वक्त दिया गायब बेटी पर ध्यान
मॉडल टाउन थाना पुलिस को दी शिकायत में योगराज (बदला हुआ नाम) ने बताया कि वह गांव जवाहरा जिला सोनीपत का रहने वाला है। 20 अगस्त को उसके मौसा जिले सिंह की 17वीं रस्म क्रिया था। वह परिवार सहित गांव बिंझौल आया था। उनके साथ उसकी 13 वर्षीय बेटी नैना (काल्पनिक नाम) भी आई थी।
शाम करीब 4:30 बजे जब वे अपने गांव जवाहरा जाने के लिए तैयार हुए तो उसे बेटी नैना नहीं मिली। परिजनों ने अपने तौर पर तलाश की, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं लगा। काफी तलाश और छानबीन के बाद पता लगा कि उसकी बेटी को अंकित और मनीष पुत्र चीमन लाल निवासी गांव हड़ताड़ी जिला पानीपत बहला फुसलाकर कर भगा ले गए हैं। उनकी नीयत नैना से शादी करने की है।



