
पानीपत :- हरियाणा के पानीपत जिले के गांव गांजबड़ के रहने वाले युवक से 11 लाख ठगे गए हैं। उसे रेलवे में सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा दिया गया। एक पलंबर ने अपने गनमैन दोस्त के भाई से यह धोखाधड़ी की। आरोपी ने युवक को कई दिन कोलकाता में ठहराया और रेलवे का फर्जी जॉइनिंग लेटर थमा दिया।
पीड़ित को जब लेटर फर्जी होने का पता चला तो उसने पलंबर से अपने पैसे वापस मांगे, लेकिन रुपए वापस देने की बजाय वह जान से मारने की धमकी दे रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ IPC की धारा 420, 467, 471, 506 व 34 के तहत केस दर्ज कर लिया है।
सोनीपत और कैथल के साथियों संग मिलकर ठगा
सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में राजेश ने बताया कि वह गांव गांजबड़ का रहने वाला है। उसका भाई मेडिसिटी अस्पताल असंध में गनमैन है। वहीं पर मंजीत निवासी खेड़ी तागा गन्नौर जिला सोनीपत भी पलंबर का काम करता है। भाई ने मंजीत से उसकी नौकरी लगवाने के बारे में बात की।
राजेश के अनुसार, मंजीत अपने दोस्त अमर सिंह निवासी गांव मूनक, जिला करनाल को लेकर उनके घर अक्टूबर 2022 में आया। उसने रेलवे में नौकरी लगवाने की बात की। 24 नवंबर को मंजीत और अमर दोबारा से घर गए और रेलवे में नौकरी लगवाने के लिए एक लाख रुपए ले गए।
लेटर और लिस्ट थमाकर लिए 10 लाख
राजेश के अनुसार, एक दिन योगेश निवासी गांव कौल जिला कैथल का फोन आया, जिसने कहा कि 25 नवंबर को कोलकाता जाना है, तुम्हारी नौकरी की बात हो गई है। राजेश कोलकाता चला गया, जहां अंकित नाम का युवक मिला। वह उसे खड़गपुर के रेलवे क्वार्टर में ले गया, जहां वह करीब 10 दिन रहा।
30 नवंबर को अंकित ने एक जॉइनिंग लेटर दिया और 10 लाख रुपए और ले लिए। साथ ही एक रेलवे जॉइनिंग की लिस्ट भी थमा दी, जिसमें उसका नाम भी शामिल था। जब राजेश ने अपने स्तर पर उक्त लिस्ट और लेटर की जांच की तो वह फर्जी मिला। इसके बाद आरोपियों से रुपए वापस मांगे तो उन्होंने जान से मारने की धमकी दी।



