हरियाणा के पानीपत जिले के गांव सिठाना में एक महिला के घर में चोरी हो गई है। महिला अपने घर को ताला लगाकर बेटी के घर सोनीपत गई हुई थी। करीब 10 दिन से मकान बंद था। इसका फायदा उठाकर चोरों ने घर के ताले तोड़े और सोने-चांदी के गहने चुरा कर फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।
बीमार दोहती का हाल जानने गई थी
सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में महिला फूलपति ने बताया कि वह गांव सिठाना की रहने वाली है। 2 अगस्त को वह अपनी बेटी के घर सोनीपत गई थी। उसकी दोहती बीमार थी। इसी वजह से वह वहां 10 से भी ज्यादा समय तक रही। 13 अगस्त को अपने घर गांव सिठाना वापस पहुंची तो देखा कि घर के अंदर लगे सभी ताले टूटे हुए थे।
ताले टूटे मिले, सारा सामान बिखरा था
फूलपति के अनुसार, उसके घर के भीतर सारा सामान बिखरा हुआ था। उसने घर का सामान चैक किया तो 2 चांदी के हार, 18 तोले वजनी सोने की 3 तीली गायब मिली। इस सामान की कीमत 50 हजार से ज्यादा है। इसके अलावा भी अन्य सामान गायब था। चोरी की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर आकर जांच की।



