
मतलौडा :- हरियाणा के पानीपत के रहने वाले एक फौजी के साथ साइबर ठगी हो गई। दरअसल, फौजी ने मनी व्यू ऐप के जरिए लोन लिया हुआ है। जिसे फोरक्लोज करने की बात कहते हुए ठगों ने कर्मचारी बनकर उससे खातों में 1 लाख 24 हजार 368 रुपए डलवा लिए।
मामले का खुलासा उस वक्त हुआ, जब मनी व्यू ऐप के असल कर्मचारियों का एक भी किश्त न भरे जाने बाबत फोन आया। खुद के साथ हुई ठगी का पता लगने पर फौजी ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है।
साढ़े 4 लाख का लिया था लोन
मतलौडा थाना पुलिस को दी शिकायत में जितेंद्र ने बताया कि वह गांव वैसर का रहने वाला है। वह आर्मी में नौकरी करता है। 26 मई को वह जोधपुर में ड्यूटी पर था। उसने मनी व्यू ऐप से साढ़े 4 लाख का लोन लिया। 26 मई को उसके पास नेहा नाम की लड़की का फोन आया।
जिसने कहा कि आपके लोन की किश्त बाकी है। अगर आप 1 लाख 24 हजार रुपए भरते हो तो आपका लोन फोरक्लोज हो जाएगा। उसने किश्त भरने के लिए हामी भर दी। कुछ देर बाद उसकी मेल ID पर एक मेल आई। जिसने एक बैंक खाता दिया हुआ था।
जितेंद्र ने दिए हुए मेल अकाउंट पर 26 व 27 मई को कुल 1 लाख 24 हजार 368 रुपए अपने खाते से जमा कर दिए। करीब 15 दिन बाद उसके पास मनी व्यू वालों का फोन आया और कहा कि आपने एक भी EMI नहीं भरी है। जिसके बाद बातचीत में उसे पता लगा कि उसके साथ ठगी हो गई है।



