समालखा :- हरियाणा के पानीपत जिले के समालखा कस्बे की काठमंडी में एक दुकानदार को ठग कर व्यक्ति फरार हो गया। दरअसल, व्यक्ति ग्राहक बनकर आया था। यहां उसने दुकानदार को उसके बच्चों के नाम बताए और कहा कि वह उनको जानता है। इसके बाद उसने भरोसा जीतकर दुकानदार का कड़ा उतरवाया और लेकर चला गया।
मामले की शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
3 लाख कीमत का साढ़े 5 तोला वजनी था
समालखा थाना पुलिस को दी शिकायत में गौरव बंसल ने बताया कि वह काठमंडी, समालखा का रहने वाला है। काठमंडी में ही उसकी बंसल ट्रेडिंग कंपनी के नाम से दुकान है। 10 अगस्त की शाम करीब 5:20 बजे वह दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दौरान उसकी दुकान पर एक व्यक्ति आया। जिसकी उम्र करीब 40 साल थी।
गौरव ने बताया कि वह दुकान पर ग्राहक बनकर आया और दुकान पर बैठे उसके पिता मोहन लाल बंसल को बातों में उलझा लिया। इसके बाद उसने पिता के हाथ में पहना हुआ सोने का कड़ा देखने के बहाने उतरवाया। बातों में उलझा कर सामान पैक करने को कहा।
जब मोहन सामान पैक करने लगे, तो कथित ग्राहक कड़ा लेकर फरार हो गया। कड़े का वजन साढ़े 5 तोला है, जिसकी कीमत 3 लाख के करीब है।



