
पानीपत :- पानीपत शहर के जैन मोहल्ला निवासी युवक से चैटिंग करके एक महिला ने मोबाइल और एसी ऑर्डर कराने के नाम पर करीब 74 हजार की ठगी कर ली। मामला 3 महीने पहले का है। अब संबंधित थाना पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ठगी करने वाली महिला ने उसे टेलीग्राम पर चैटिंग के जरिए संपर्क कर धोखाधड़ी की।
पुलिस को दी शिकायत में प्रवीन वर्मा ने बताया कि वह जैन मोहल्ला हलवाई हट्टा का रहने वाला है। अप्रैल महीने में उसकी अर्पिता नाम की युवती से टेलीग्राम पर चैटिंग हुई थी। इस दौरान युवती ने उसे अमेजन कंपनी से एक मोबाइल ऑर्डर करने और एक निजी बैंक का खाता नंबर देकर उसमें पैसे डलवाने के लिए कहा।
पैसे देने के बाद भी नहीं मिला ऑर्डर
जिस पर उसने उक्त खाते में 21 हजार 499 रुपए पेटीएम से ट्रांसफर कर दिए। इसके बावजूद भी उसे कोई ऑर्डर प्राप्त नहीं हुआ। एक मई को फिर उसने एक एसी ऑर्डर करने को कहा। जिसकी एवज में उसने एक खाता में एक बार 30 हजार और दूसरी बार में 22 हजार 490 रुपए डाल दिए।
इसके बाद भी उसे कोई ऑर्डर प्राप्त नहीं हुआ। जिस पर उसे धोखाधड़ी होने का शक हुआ। प्रवीन वर्मा ने पुलिस से धोखाधड़ी करने वाली महिला का पता लगा सख्त कार्रवाई के साथ ठगे गए पैसे वापस दिलाने की गुहार लगाई। वहीं, पुलिस ने अब मामले में अमानत में खयानत और धोखाधड़ी का केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।



