इसराना :- पानीपत के इसराना उपमंडल में 2 दिन पहले तालाब किनारे जमीन में दफन मिले युवक रिंकू की हत्या का मामला सुलझ गया है। पुलिस ने 2 आरोपियों को काबू किया है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी आरोपी के साथ मिलकर रंजिश के चलते साजिश रचकर शराब पार्टी के दौरान पिस्तौल से रिंकू की गोली मारकर और ईंटों से वार कर हत्या करने के बारे में स्वीकार किया।
पुलिस ने पहले इस मामले में सोमवार को समालखा की विश्वकर्मा कॉलोनी निवासी अमन उर्फ बोना को पकड़ा थ। पूछताछ में उसने इसराना के रहने वाले कुनाल और एक अन्य साथी का नाम उगला। निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में शामिल कुनाल को पानीपत रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया।
25 दिन पहले खरीदी अवैध पिस्तौल और गोलियां
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया की उन दोनों की कई सालों से रिंकू के साथ दोस्ती थी। करीब 1 साल पहले रिंकू के साथ उन दोनों की किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। जिसके बाद दोनों रिंकू से रंजिश रखने लगे थे।
रंजिश के चलते दोनों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर रिंकू की हत्या करने की योजना बनाई। आरोपी कुनाल ने करीब 25 दिन पहले इसराना में अपनी चिकन कॉर्नर की दुकान में एक अज्ञात युवक से एक अवैध देसी पिस्तौल और 4 गोलिया 15 हजार रुपए में खरीदी थीं।
बेरहमी से किया दोस्ती और दोस्त का कत्ल
योजना के अनुसार, दोनों आरोपियों ने अपने साथी आरोपी के साथ मिलकर 3 अगस्त को विश्वकर्मा कॉलोनी में कमरे पर शराब पार्टी के बहाने रिंकू को बुलाया। रिंकू देर शाम बाइक से कमरे पर पहुंचा तो आरोपियों ने उसको ज्यादा शराब पिलाई। इसी दौरान आरोपी कुनाल ने अवैध देसी पिस्तौल निकालकर रिंकू पर फायर कर दिया।
रिंकू बचकर भागने लगा तो आरोपियों ने पकड़ कर एक गोली रिंकू की छाती में मारी और पास में पड़ी ईंटों से ताबड़तोड़ वार कर व चुन्नी से गला दबाकर रिंकू की हत्या कर दी। इसके बाद शव को बाइक के पीछे लगी ट्राली में रखकर इसराना पलड़ी रोड पर ले गए। वहां सूखे तालाब में गड्डा खोदकर शव को दबा दिया। शव दबाने के बाद रिंकू की बाइक को थोड़ा आगे लावारिस हालत में छोड़कर तीनों आरोपी वापस कमरे पर आ गए थे।



