
करनाल :- करनाल के सेक्टर-12 में सुपर मॉल के पास पार्क में एक महिला ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर एक व्यक्ति को लूट लिया। युवकों ने व्यक्ति के साथ मारपीट की और महिला के साथ ही उसकी वीडियो बना ली। इस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उन्होंने एक लाख रुपए मांगे।
हमलावर चाकू की नोक पर पीड़ित की जेब से 20 हजार की नकदी, मोटरसाइकिल व मोबाइल फोन छीन कर फरार हो गए। जाते हुए यह भी धमकी देकर गए कि अगर पुलिस को शिकायत की तो जान से मार देंगे। पीड़ित सिविल लाइन थाने पहुंचा और पुलिस को शिकायत की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दो साल पहले गुड रिच कंपनी में करता था काम
गांव मिरगान नगला फार्म निवासी विदेश कुमार ने बताया कि वह दो वर्ष पहले गुड रिच कंपनी में काम करता था। कंपनी में एक कुसुम नाम की महिला भी काम करती थी। जिसने उसका नंबर भी लिया था, लेकिन कभी फोन पर बात नहीं हुई। दो साल पहले ही उसने फैक्ट्री छोड़ दी थी और घर पर ही काम करता था।
4 अगस्त को वह करनाल के चौड़ा बाजार में था, जहां पीछे से एक महिला ने आवाज लगाई। वह वही महिला थी, जो उसकी फैक्ट्री में काम करती थी। महिला ने बताया कि वह बहुत परेशानी में है और कुछ बात करना चाहती है।
महिला ने करनाल के बस अड्डे पर बुलाया
वह जल्दी में था और मौके से चला गया। उसने अगली सुबह काम पूछने के लिए महिला को कॉल किया और उसने उसे बस अड्डे करनाल पर बुलाया। अड्डे पर पहुंचा तो उसने दोबारा महिला को कॉल किया। इस पर उसने उसे रामचंद्र अस्पताल के पास बुलाया। जैसे ही वह अस्पताल के पास पहुंचा तो महिला उसकी बाइक पर बैठ गई और उसे सेक्टर-12 में सुपर मॉल के पास पार्क ले गई। कुछ देर बाद ही वह एक पिज्जा ले आया। दोनों पिज्जा खा रहे थे और बात कर रहे थे। महिला ने उसे बताया था कि वह सोहना गांव की रहने वाली है।
2 युवकों ने की मारपीट
इसी दौरान वहां दो लड़के आए और उसके साथ मारपीट करने लगे। एक लड़के ने उसे चाकू दिखाया और दूसरा बेल्ट से पीटने लगा। एक लड़के ने उसको पेट में चाकू भी मारा। इन युवकों ने उसका वीडियो भी बनाया और उसका मुंह बद कर लिया। आरोपियों ने धमकी दी कि सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर तुम्हें बदनाम कर देंगे। इससे बचना है तो एक लाख रुपए दे दो और हम तुम्हें छोड़ देंगे।
किडनैपिंग की कोशिश
शिकायतकर्ता विदेश ने बताया है कि महिला ने ही इन दोनों लड़कों को बुलाया था। इन लोगों ने मेरी जेब से 20 हजार रुपए निकाल लिए, मोटरसाइकिल भी छीन ली और मोबाइल भी छीनकर फरार हो गए। दोनों युवकों ने मुझे मोटरसाइकिल पर बैठा लिया। कुछ दूर चले तो मैं बाइक से कूद गया और सदर थाना की तरफ भाग गया। जहां पर पुलिस को अपनी आपबीती बताई। जिसके बाद मुझे सेक्टर-13 चौकी में भेज दिया। जिसके बाद पुलिस ने शिकायत लिखी और आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
सिविल लाइन थाना पुलिस कर रही जांच
सिविल लाइन थाना के जांच अधिकारी SI अभय सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर महिला व दो लड़कों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



