गोहाना :- भैंसवाल कलां गांव स्थित सीएचसी परिसर में शनिवार को बहुउद्देश्यीय स्वास्थ्य कर्मचारी एसोसिएशन (एमपीएचई) की बैठक में सीएचसी की कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें मुकेश कुमार को सर्वसम्मति से दोबारा प्रधान चुना गया। इसके साथ ही अमित सचिव, कर्मबीर कोषाध्यक्ष, सुनीता व मीना वरिष्ठ उप प्रधान, अशोक कुमार प्रेस सचिव, अनिल कुमार मुख्य सलाहकार व निर्मला ऑडिटर चुने गए। नवनियुक्त कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को जिला प्रधान सहदेव आर्य सांगवान ने पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही उन्होंने कर्मचारियों की मांगों को लेकर करते हुए 27 अगस्त को अंबाला में स्वास्थ्य मंत्री के आवास पर प्रदर्शन करने का निर्णय लिया।
सहदेव आर्य ने कहा कि सरकार निरंतर कर्मचारियों का शोषण कर रही है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन में कार्यरत महिला एमपीएचडब्ल्यू अब भी सीएम की स्वयं की घोषणा के बाद 4200 के वेतनमान से वंचित हैं। उनके अनुसार कर्मचारियों की मांगों को लेकर एसोसिएशन पिछले एक साल से कई बार पत्राचार करने के अलावा महानिदेशक कार्यालय का घेराव भी कर चुकी है, लेकिन सरकार और अधिकारी कर्मचारियों की मांगों को लेकर गंभीर नहीं हैं। इससे कर्मचारियों में सरकार के खिलाफ रोष है। इसी को लेकर कर्मचारी 27 अगस्त को अंबाला में स्वास्थ्य मंत्री के आवास पर प्रदर्शन करेंगे, जिसमें सोनीपत जिले के सभी कर्मचारी हिस्सा लेंगे। इस मौके पर मुंडलाना ब्लॉक प्रधान नवीन नरवाल, जुआं ब्लॉक प्रधान बबीता, गोहाना ब्लॉक प्रधान प्रदीप आर्य, सर्व कर्मचारी संघ से सोनिया, कुलदीप, आनंद, शमशेर, मीना, सुनीता आदि मौजूद रहे।



