प्रत्येक पात्र मतदाता को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए बीएलओ दोबारा घर-घर जाकर करेंगे एएसडीडी सूची में शामिल मतदाताओं का भौतिक सत्यापन कार्य-एसडीएम सुभाष चंद्र
एसआईआर को लेकर एसडीएम सुभाष चंद्र ने बुधवार को लघु सचिवालय में की सभी राजनैतिक दलों के साथ बैठक


जिला के एएसडीडी सूची में शामिल 02 लाख 36 हजार 651 मतदाताओं को दोबारा वितरित किए जाएंगे एन्यूमरेशन फार्म
एसडीडी मतदाताओं के भौतिक सत्यापन कार्य में सहयोग करने के लिए एसडीएम ने की सभी राजनैतिक दलों से अपील
सोनीपत, 11 नवंबर। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत जिले में अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं दोहरी प्रविष्टिï (एएसडीडी) मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम शामिल करवाने का एक और अवसर प्रदान किया जा रहा है। इसी कड़ी में बुधवार को लघु सचिवालय में एसडीएम सुभाष चंद्र ने विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर पुनरीक्षण प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बताया कि जिले में एएसडीडी श्रेणी में शामिल 2 लाख 36 हजार 651 मतदाताओं को दोबारा एन्यूमरेशन फार्म (गणना प्रपत्र) वितरित किए जाएंगे। प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए बूथ स्तर अधिकारी (बीएलओ) दोबारा घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन करेंगे।
एसडीएम सुभाष चंद्र ने कहा कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज करवाने से वंचित न रहे। इसके लिए एएसडीडी श्रेणी में शामिल मतदाताओं की पहचान कर उनका दोबारा सत्यापन किया जाएगा। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि वे अपने बूथ स्तर एजेंटों के माध्यम से ऐसे मतदाताओं को तलाशने में बीएलओ का सहयोग करें, ताकि पात्र मतदाताओं से संपर्क स्थापित कर उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार गणना प्रपत्र उपलब्ध करवाए जा सकें।
उन्होंने बताया कि एएसडीडी श्रेणी में शामिल मतदाताओं की सूचियां सीईओ हरियाणा की वेबसाईट और सभी मतदान केन्द्रों पर चस्पा की जा चुकी हैं। इसके बावजूद यदि किसी मतदाता को सूची में शामिल किसी नाम को लेकर कोई आपत्ति है, तो वह संबंधित बीएलओ के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज करवा सकता है। एसडीएम ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि वे इस महत्वपूर्ण कार्य में प्रशासन का पूरा सहयोग करें और अपने स्तर पर मतदाताओं को जागरूक करें। उन्होंने अधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देश दिए कि वे घर-घर जाकर संपर्क स्थापित करें और प्रत्येक पात्र मतदाता को निर्धारित प्रक्रिया की जानकारी देते हुए आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से पुनरीक्षण कार्य पूरा हो और कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे।
दोबारा उपलब्ध करवाए जाएंगे गणना प्रपत्र
एसडीएम सुभाष चंद्र ने बताया कि एएसडीडी श्रेणी के मतदाताओं के गणना प्रपत्र सभी बूथ स्तर अधिकारियों को उपलब्ध करवा दिए जाएंगे। इसके बाद बीएलओ संबंधित मतदाताओं तक प्रपत्र पहुंचाने और उन्हें भरने में आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए उनके घर जाएंगे। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी आग्रह किया गया है कि वे अपने बूथ स्तर अभिकर्ताओं के माध्यम से ऐसे मतदाताओं की पहचान करवाने में सहयोग करें।
दूसरे जिले में स्थायी रूप से स्थानांतरित मतदाता भी करवा सकेंगे प्रक्रिया पूरी
उन्होंने बताया कि यदि कोई मतदाता स्थायी रूप से किसी अन्य जिले में स्थानांतरित हो चुका है, तो वह अपने गणना प्रपत्र को उस विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीयन अधिकारी के पास निर्धारित परिशिष्ट-सी के साथ जमा करवा सकता है, जहां वह वर्तमान में निवास कर रहा है। ऐसे मतदाताओं तक प्रपत्र पहुंचाने में भी बीएलओ को सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। मतदाताओं को प्रपत्र व्हाट्सऐप, ई-मेल अथवा भौतिक रूप से उपलब्ध करवाने में भी सहायता की जाएगी।
स्वयं या परिवार के सदस्य के माध्यम से जमा करवा सकेंगे गणना प्रपत्र
एसडीएम ने कहा कि एएसडीडी सूची में शामिल मतदाता अपना विधिवत भरा हुआ गणना प्रपत्र संबंधित निर्वाचक पंजीयन अधिकारी, सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी अथवा बूथ स्तर अधिकारी के पास स्वयं या परिवार के किसी सदस्य के माध्यम से भौतिक रूप से जमा करवा सकते हैं। इसके अतिरिक्त निर्वाचन आयोग के ईसीआईनेट वेबसाईट माध्यम पर ई-हस्ताक्षर की सुविधा उपलब्ध होने पर प्रपत्र ऑनलाइन भी जमा करवाया जा सकेगा।
इस मौके पर नगराधीश सिमरन, सहायक वेदपाल चौहान, भारतीय जनता पार्टी से सोनिया मोर, इंडियन नेशनल कांग्रेस से पूनीत राणा व जयवीर सिंह राठी, बहुजन समाज पार्टी से डीआर मलिक, कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया से शरदानंद सोलंकी, इंडियन नेशनल लोकदल से कुनाल गहलावत मौजूद रहे।
—



