नौ विशिष्ट हस्तियों को बीपीएमएस 15 को करेगा ‘भिवानी गौरव अवार्ड’ से सम्मानित
रोहिणी, दिल्ली में तीन सत्रों में आयोजित होगा सम्मान समारोह

दिल्ली / भिवानी, 14 नवंबर । विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विशिष्ट व्यक्तियों, संस्थाओं को सम्मान देने की परंपरा को और आगे बढ़ाते हुए देश की प्रमुख सामाजिक संस्था भिवानी परिवार मैत्री संघ (बीपीएमएस) रविवार, 15 नवंबर को नौ विशिष्ट हस्तियों को प्रतिष्ठित ‘भिवानी गौरव अवार्ड’ से सम्मानित करेगी। राधास्वामी सत्संग, दिनोद के परम संत हुजूर कंवर साहिब जी महाराज के पावन सान्निध्य में रोहिणी, दिल्ली स्थित होटल क्राउन प्लाजा में सुबह साढ़े नौ बजे सम्मान समारोह का शुभारंभ होगा।
बीपीएमएस के अध्यक्ष, अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कवि और देश के जाने-माने एंकर राजेश चेतन ने बताया कि समारोह तीन सत्रों में होगा। पहला सत्र श्री जगन्नाथ सर्राफ की स्मृति में आयोजित होगा। सेवामूर्ति सूरजभान बगड़िया की स्मृति में दूसरा सत्र आयोजित किया जाएगा तथा तीसरा सत्र श्री कुलदीप राज महाजन की स्मृतियों को समर्पित रहेगा।
राजेश चेतन ने बताया कि सम्मान पाने वालों में शिक्षा, पत्रकारिता, साहित्य, खेल, सेवा, कला-संगीत, राष्ट्र सेवा और लोक प्रशासन क्षेत्र के दिग्गज शामिल हैं।
सम्मान के लिए इनका हुआ चयन-
1.चौ. बंसीलाल सम्मान (लोक प्रशासन एवं ग्राम विकास) – सांसद श्री एन.डी. गुप्ता, भिवानी-दिल्ली।
2 श्री राम कृष्ण गुप्ता सम्मान (शिक्षा)- डॉ. नरेश कौशिक, काइला-हिसार।
3.बाबू बनारसी दास गुप्ता सम्मान (पत्रकारिता) – श्री बलवान शर्मा, भिवानी-नारनौल।
4.पं. माधव मिश्र सम्मान (साहित्य)- डॉ. जोगेंद्र कुमार, रतेरा-भिवानी।
5.श्री सुरजीत सिंह सम्मान (खेल) – श्री पूनम शर्मा, भिवानी-कुरुक्षेत्र।
6.श्री फकीर चंद सम्मान (सेवा)- श्री रामदेव तायल, भिवानी।
7.पं.गोपाल कृष्ण सम्मान (कला एवं संगीत)- श्री दिनेश रल्हन, चांग-दिल्ली।
8.पं. नेकी राम शर्मा सम्मान (राष्ट्र सेवा)- श्री जीतराम गुप्ता (एडवोकेट), चरखी दादरी
9.नारायणी देवी भग्गनका सम्मान (ओजस्विनी) – डॉ. प्रियंका ‘सौरभ’, बड़वा-भिवानी।
राजेश चेतन ने बताया कि सभी विभूतियों ने अपने-अपने क्षेत्र में समाज के लिए अनुकरणीय कार्य करके मिसाल कायम की है।



