मास्टर राजेश लठवाल ‘चिड़ाना’ का नाम वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस, यूरोप (इंग्लैंड) में दर्ज, बार-बार रोशन कर रहे हैं गोहाना का नाम


गोहाना, 14 नवंबर । सामाजिक सेवा, देशभक्ति और मानवता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए मास्टर राजेश लठवाल ‘चिड़ाना’ को करनाल के डॉ. मंगलसेन ऑडिटोरियम में राष्ट्रीय एकीकृत कलाकार एवं कार्यकर्ता मंच (NIFAA) द्वारा आयोजित भव्य ‘संवेदना-2’ समारोह में ‘नेशनल सोशल इम्पैक्ट अवार्ड’ एवं वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस, यूरोप (इंग्लैंड) का सम्मान-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
सज्जन सेवा संघ के संस्थापक-अध्यक्ष एवं शहीद भगत सिंह ब्रिगेड गोहाना के अध्यक्ष मास्टर राजेश लठवाल को यह सम्मान शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के शहीदी दिवस एवं जयंती पर रक्तदान शिविर आयोजित करने तथा सामाजिक सरोकारों में निरंतर योगदान के लिए हरियाणा विधानसभा के माननीय उपाध्यक्ष डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा एवं केंद्रीय मंत्री तथा हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर के प्रतिनिधि ओएसडी डॉ. कुलविंद्र सिंह राणा द्वारा प्रदान किया गया।
उल्लेखनीय है कि मास्टर राजेश लठवाल पिछले साढ़े सात वर्षों से गोहाना बस स्टैंड पर ‘दैनिक लंगर रोटी बैंक कपड़ा बैंक’ के माध्यम से जरूरतमंदों की सेवा कर रहे हैं। वहीं, गांव चिड़ाना स्थित शहीद भगत सिंह लाइब्रेरी में विद्यार्थियों को निःशुल्क कंप्यूटर एवं वाई-फाई सुविधाएं उपलब्ध करवा रहे हैं। गांव गंगाना के राजकीय विद्यालय में अध्यापक राजेश लठवाल अनेक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त कर चुके हैं। पिछले वर्ष गोहाना तहसील के नाम प्रथम विश्व रिकॉर्ड दर्ज करवाने की उपलब्धि भी उनके खाते में है।
सम्मान प्राप्त करने पर मास्टर राजेश लठवाल ने इसे अपने साथ-साथ पूरे गोहाना क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताते हुए इसे समाजसेवा के प्रति समर्पित सभी सहयोगियों और सेवाभावी लोगों को समर्पित किया।



