सैनिक स्कूल रेवाड़ी में कक्षा छठी और नौवीं में प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू-उपायुक्त नेहा सिंह
कक्षा छठी के लिए लगभग 100 और कक्षा नौवीं के लिए 45 सीटों पर होगा प्रवेश, परीक्षा 31 जनवरी 2027 को होगी आयोजित

-अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा-2027 के लिए 2 दिसंबर तक कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन
सोनीपत, 11 नवंबर। उपायुक्त नेहा सिंह ने बताया कि सैनिक स्कूल रेवाड़ी में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा छठी और नौवीं में प्रवेश हेतु अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक विद्यार्थी राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी(एनटीए) की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से 2 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। इस संबंध में सैनिक स्कूल रेवाड़ी की ओर से जारी सूचना के अनुसार प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी 2027 को आयोजित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि सैनिक स्कूल रेवाड़ी रक्षा मंत्रालय के अधीन संचालित एक प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान है। यहां विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का अवसर मिलता है। विद्यालय का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को सशस्त्र सेनाओं में अधिकारी के रूप में गौरवशाली भविष्य बनाने के लिए तैयार करना है।
कक्षा छठी और नौवीं में उपलब्ध होंगी सीटें
उपायुक्त नेहा सिंह ने बताया कि सैनिक स्कूल रेवाड़ी में कक्षा छठी के लिए लगभग 100 सीटें उपलब्ध होने की संभावना है, जिनमें 67 सीटें लडक़ों और 33 सीटें लड़कियों के लिए निर्धारित हैं। इसी प्रकार कक्षा नौवीं में लगभग 45 सीटों पर प्रवेश होने की संभावना है, जिनमें 30 सीटें लडक़ों और 15 सीटें लड़कियों के लिए होंगी। वास्तविक सीटों की संख्या विद्यार्थियों के उत्तीर्ण होने और विद्यालय छोडऩे के आधार पर बदल सकती है।
उन्होंने बताया कि विद्यालय में हरियाणा के विद्यार्थियों के लिए 67 प्रतिशत तथा देश के अन्य राज्यों के विद्यार्थियों के विद्यार्थियों के लिए 33 प्रतिशत सीटें निर्धारित हैं। प्रवेश पूरी तरह प्रवेश परीक्षा में प्राप्त अंकों की योग्यता तथा अभ्यर्थी की चिकित्सा जांच में उपयुक्त पाए जाने के आधार पर किया जाएगा। आरक्षण के तहत अनुसूचित जाति के लिए 15 प्रतिशत, अनुसूचित जनजाति के लिए 7 प्रतिशत और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 27 प्रतिशत सीटें निर्धारित हैं। शेष सीटों में से 25 प्रतिशत सीटें रक्षा कर्मियों और पूर्व सैनिकों के बच्चों के लिए आरक्षित रहेंगी।
आयु सीमा और आवेदन की महत्वपूर्ण तिथियां
उन्होंने बताया कि कक्षा छठी में प्रवेश के लिए विद्यार्थी का जन्म 1 अप्रैल 2015 से 31 मार्च 2017 के बीच होना चाहिए। वहीं कक्षा नौवीं में प्रवेश के लिए विद्यार्थी का जन्म 1 अप्रैल 2012 से 31 मार्च 2014 के बीच होना आवश्यक है।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 2 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है। आवेदन शुल्क जमा करवाने की अंतिम तिथि भी 2 दिसंबर 2026 रात 11:50 बजे तक है। विलंब शुल्क के साथ आवेदन 3 दिसंबर से 6 दिसंबर 2026 तक किया जा सकेगा। आवेदन पत्र में त्रुटियों को ठीक करने के लिए 7 दिसंबर से 9 दिसंबर 2026 तक अवसर दिया जाएगा। परीक्षा के लिए शहर 11 दिसंबर 2026 को जारी होंगे। परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र 25 जनवरी 2027 से डाउनलोड किए जा सकेंगे तथा परीक्षा 31 जनवरी 2027 को आयोजित होगी।
बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित होगी प्रवेश परीक्षा
उन्होंने बताया कि कक्षा छठी की प्रवेश परीक्षा में गणित के 50 प्रश्न तथा सामान्य ज्ञान, भाषा और बुद्धिमत्ता के 25-25 प्रश्न होंगे। इस प्रकार कुल 125 प्रश्नों के लिए 300 अंक निर्धारित हैं। कक्षा नौवीं की परीक्षा में गणित के 50 प्रश्न और अंग्रेजी, बुद्धिमत्ता, सामान्य विज्ञान तथा सामाजिक विज्ञान के 25-25 प्रश्न होंगे। इस परीक्षा में कुल 150 प्रश्नों के लिए 400 अंक निर्धारित हैं। परीक्षा बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित होगी और पेन-पेपर माध्यम से उत्तर पत्रक पर आयोजित की जाएगी।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की वेबसाइट पर करें आवेदन
उपायुक्त ने बताया कि इच्छुक अभिभावक और विद्यार्थी आवेदन करने से पहले प्रवेश परीक्षा की सूचना पुस्तिका को ध्यानपूर्वक पढ़ें और निर्धारित पात्रता एवं दिशा-निर्देशों के अनुसार आवेदन करें। आवेदन राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की वेबसाइट https://exams.nta.nic.in/sainik-school-society/ https://nta.ac.in/ पर किया जा सकता है। प्रवेश परीक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी और सूचना पुस्तिका भी इसी वेबसाइट पर उपलब्ध है।
उपायुक्त नेहा सिंह ने जिले के विद्यार्थियों और अभिभावकों से अपील की कि वे इस अवसर का लाभ उठाएं और निर्धारित अंतिम तिथि से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी करें। उन्होंने कहा कि सैनिक स्कूलों में शिक्षा प्राप्त करना विद्यार्थियों के लिए अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण अवसर है।



