हरियाणा के सोनीपत में महिला दुकानदार के साथ मारपीट के बाद दुकानदार आज भड़क गए। दुकानदारों ने बाजार बंद कर सिविल लाइन थाना पहुंच कर नारेबाजी की। आरोप है कि पुलिस मारपीट के मामले में कार्रवाई करने की बजाय समझौता कराने के प्रयास करती रही। पुलिस का कहना है स्कूटी खड़ी करने पर विवाद था और दोनों पक्षों में सुलह हो गई है।
गाली गलौज के बाद मारपीट
बताया गया है कि सोनीपत के कच्चे क्वार्टर बाजार में गुरुवार शाम को स्कूटी खड़ी कर दी गई। महिला दुकानदार पूजा ने स्कूटी हटाने को कहा तो विवाद हो गया। महिला दुकानदार ने आपत्ति की तो पहले गाली गलौज की और उसके बाद कई महिलाओं ने दोबारा दुकान पर पहुंचकर महिला दुकानदार के साथ जमकर मारपीट की। इस दौरान महिलाओं के साथ आया व्यक्ति दुकान के बाहर खड़ा था। कुछ लोगों ने महिला दुकानदार से मारपीट का वीडियो बना लिया।
शुक्रवार सुबह इस मामले में कच्चे क्वार्टर बाजार एसोसिएशन के बैनर तले दुकानदारों ने घटना पर रोष जताया और दुकानें बंद कर दी। सभी दुकानदार एकत्रित होकर सिविल लाइन थाना में पहुंच गए। वहां पर दुकानदारों ने जमकर हंगामा किया और नारेबाजी की। कई घंटे तक दुकानदारों का यह प्रोटेस्ट चलता रहा।
दोबारा आकर दुकानदार को पीटा
पीड़ित महिला दुकानदार ने कहा है कि आपसी कहासुनी के बाद सुलह हो गई थी, लेकिन बाद में महिला कई अन्य महिलाओं के साथ उसकी दुकान पर पहुंची है और उसके साथ बहुत बुरी तरीके से मारपीट की। मारपीट के बाद महिला और अन्य दुकानदार न्याय की मांग कर रहे है।
SHO बोले- दोनों पक्षों में सुलह हुई
वहीं पूरे मामले को लेकर पुलिस कई घंटे बीत जाने के बाद भी कार्रवाई नहीं की। इसी को लेकर दुकानदारों ने पुलिस थाना में पहुंचकर जमकर नारेबाजी की। आरोप है कि पुलिस कार्रवाई करने की बजाय समझौता कराने में जुटी रही। सिविल लाइन थाना प्रभारी कर्मजीत ने बताया कि दोनों पक्षों में स्कूटी खड़ी करने को लेकर विवाद हुआ था। दोनों पक्षों में अब सुलह हो गई है।



