पानीपत में रविवार दोपहर बाद तेज रफ्तार कार ने पीछे से कांवड़िए को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कांवड़ियां जमीन पर गिरते ही अचेत हो गया। उसे तुरंत एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल लाया गया, जहां चेकअप के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक का पंचनामा भरवा कर शवगृह में रखवा दिया गया है। जिसका सोमवार को पोस्टमार्टम होगा। पुलिस ने कांवड़िए के साथियों के बयानों के आधार पर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पैदल कांवड़ लेकर लौट रहे थे
मृतक की पहचान फतेहाबाद के जाखलमंडी के रहने वाले अभिषेक (20) के रूप में हुई है। अभिषेक अपने 7-8 अन्य साथियों के साथ हरिद्वार गया था। जहां से वह कांवड़ व जल लेकर पैदल-पैदल वापस लौट रहे थे। रविवार दोपहर बाद जब वे पानीपत की सीमा में सनौली बाइपास पर पहुंचे तो शामली की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने पीछे से अभिषेक को टक्कर मार दी।
हादसे में उसके बाकी साथी बाल-बाल बच गए। वहीं, हादसे के बाद आरोपी कार चालक मौके से कार समेत फरार हो गया। लेकिन तब तक उसकी कार का नंबर नोट कर लिया गया था। यह हादसा कुराड़ गांव के पास जय फूडर्स के सामने हुआ है।



