राई | मुरथल स्थित दीनबंधु छोटूराम विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के क्लर्क के खाते से साइबर ठगों ने 69 हजार रुपए निकाल लिए। मुरथल थाना पुलिस ने अमानत में खयानत व धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। सोनीपत के सेक्टर-23 निवासी अमितेश ने बताया कि वह मुरथल विवि में क्लर्क है। उनका बैंक खाता विवि के बैंक में ही है। उनके बैंक खाते से 1 जुलाई को 4990 रुपए व 2 जुलाई को 64 हजार 900 रुपए निकाल लिए गए। वह तीन दिन बाद बैंक में गया तो उसे धोखाधड़ी का पता लगा। उन्होंने शक जताया कि 28 जून को उनकी दो मोबाइल नंबर पर बातचीत हुई थी। उन्होंने ही उनके खाते से रुपए निकाले हैं। उन्होंने कहा कि 28 जून को एक नंबर पर उनकी बात हुई तो उन्होंने कहा था कि आपका बिजली बिल अपडेट नहीं हैं। इसे लेकर उनकी बातचीत भी हुई थी। उन्होंने दोनों मोबाइल नंबर की डिटेल निकालकर जांच करने की मांग की है। पुलिस ने विवि कर्मी के बयान पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान का प्रयास कर रही है।



