रोहतक में दो करोड़ की रंगदारी मामला; सट्टा बाजार में घाटा होने पर विदेशी नंबर से रंगदारी मांगने का बनाया प्लान
पुलिस ने ब्राह्मणवास के युवक मनीष को दो दिन के रिमांड पर लिया है। विदेशी नंबर ऑनलाइन तैयार किया था। पुलिस दिल्ली लेकर जाएगी। आरोपी जुलाई माह में उत्तर प्रदेश पुलिस की मुठभेड़ में घायल हो गया था। पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई है। आरोपी मनीष के खिलाफ 13 मामले दर्ज हैं।

रोहतक :- हरियाणा के रोहतक शहर की जनता कॉलोनी के युवक मयंक जैन से दो करोड़ की रंगदारी मांगने का प्लान सट्टे बाजार में घाटा होने पर बनाया गया था। मामले में सीआईए प्रथम द्वारा गिरफ्तार आरोपी ब्राह्मणवास गांव निवासी मनीष ने यह खुलासा किया। शुक्रवार को उसे पुलिस ने अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। मामले में पुलिस पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को काबू किया। खुलासा हुआ कि केस में ब्राह्मणवास गांव निवासी मनीष भी शामिल है, जो गौतमबुद्ध नगरजेल में बंद है। वहां भी पुलिस ने उसे रंगदारी के केस में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। फायरिंग में मनीष को गोली लग गई थी, जबकि उसके बाकी साथी फरार हो गए थे। अब पुलिस मनीष को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर आई है।
मनीष ने ऑनलाइन विदेशी नंबर तैयार किया था। इसके बाद मयंक जैन से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई। जांच में पता चला है कि आरोपी का आपराधिक रिकार्ड रहा है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, डकैती सहित रोहतक, हांसी, दिल्ली, गौतमबुद्ध नगर और राजस्थान में 13 मामले दर्ज हैं।