आम आदमी पार्टी ने सुशील गुप्ता को हरियाणा का प्रदेश अध्य्क्ष बनाया
चंडीगढ़ :- लंबी प्रतीक्षा के बाद आम आदमी पार्टी ने हरियाणा में एक बार फिर अपना संगठन खड़ा कर लिया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) सांसद डॉक्टर संदीप पाठक द्वारा जारी सूची के अनुसार राज्यसभा सांसद सुशील गुप्ता हरियाणा प्रदेश आम आदमी पार्टी के नए अध्यक्ष होंगे ।पार्टी ने जातीय समीकरणों को साधते हुए श्री गुप्ता की टीम में अनुराग ढांडा को वरिष्ठ उप प्रधान और चित्रा सरवारा को उप प्रधान बनाकर जाटों को और महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व दिया है। पिछड़े वर्ग के नाम पर पूर्व विधायक बलबीर सैनी और दलित के नाम पर पूर्व विधायक बंता राम वाल्मीकि को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी ने बडे़ स्तर पर कई मजबूत लोगों को जॉइंट सेक्रेटरी बनाया है ।बताते हैं कि आम आदमी पार्टी में इस पद की विशेष अहमियत है।
आम आदमी पार्टी ने कुछ जिलों में एक तथा कुछ जिलों में दो-दो अध्यक्ष बनाए हैं जो शहरी और ग्रामीण इकाइयों को देखेंगे। आम आदमी पार्टी के एक और बड़े नेता डॉक्टर अशोक तंवर को चुनाव अभियान समिति का चेयरमेन बनाकर स्वतंत्र जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी ने जिला अध्यक्ष चुनते समय कई खास बातों का ध्यान रखा है।
इस संगठन से कई बातें साफ हो गई है। एक यह कि इस काम में आम आदमी पार्टी कांग्रेस से आगे निकल गई है क्योंकि कांग्रेस 8 वर्षों से संगठन नहीं बन पाई है। अरविंद केजरीवाल ने इस संगठन के माध्यम से सीधा संकेत दे दिया है कि राज्यसभा सांसद और अब तक हरियाणा के प्रभारी सुशील गुप्ता हरियाणा में मुख्यमंत्री के चेहरे के रूप में देखे जाएंगे और पार्टी इस योजना पर काम करेगी कि प्रदेश का गैर जाट वॉटर वोट जो भूपेंद्र सिंह हुड्डा या कांग्रेस को सत्ता में आने से रोकना चाहता है और भाजपा को एक तरह से ठोकना चाहता है मतलब अपनी नाराजगी जताना चाहता है वह आम आदमी पार्टी को एक विकल्प के रूप में देखेगा और जिस तरह 2014 के चुनाव में स्वर्गीय चौधरी भजनलाल के प्रभाव का वाटर बीजेपी में शिफ्ट हो गया था वह आम आदमी पार्टी की ओर आ सकता है। यह बात गौर करने की है कि हरियाणा में उपरोक्त प्रवृत्ति का वोट वोट बैंक कई बार शिफ्ट हुआ है। आम आदमी पार्टी के नेता यह मानकर चल रहे बताए गए हैं कि बेशक जाट वोट बैंक पॉलिटिकल पार्टियों को दरकिनार कर एक नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा के पीछे लामबंद हो रहा है परंतु इससे आम आदमी पार्टी को कोई नुकसान होने वाला नहीं है बल्कि इस एक्शन से जो रिएक्शन होगा इसका लाभ भाजपा या आम आदमी पार्टी को ही मिल सकता है। सच्चाई यह है कि बीजेपी हरियाणा में इनकंबेंसी फैक्टर की मार झेलती नजर आ रही है । ऐसे में अगला 1 वर्ष आम आदमी पार्टी के लिए एक बड़ा मौका साबित हो सकता है और पार्टी इस मौके का फायदा उठाने की स्थिति में आई तो बड़ी संख्या में भाजपा के लोग भी आम आदमी पार्टी में शामिल होते नजर आ सकते हैं। खासकर वह जो इस समय पार्टी में खुश नहीं है परंतु डरते हैं कि कहीं एक बार फिर भाजपा ही सत्ता में ना आ जाए।
आम आदमी पार्टी के नेताओं को मुद्दे ढूंढने उन पर काम करने और सरकार का विरोध प्रदर्शन करने में महारत हासिल है। विशेषज्ञ मानते हैं कि भविष्य में आम आदमी पार्टी इसी काम पर फोकस करती नजर आएगी। आम आदमी पार्टी का पंजाब में उपचुनाव जीतना भी पार्टी के कार्यकर्ताओं मैं उत्साह भरने का काम कर गया है। हमारा मानना है कि पार्टी के हरियाणा के नए अध्यक्ष सुशील गुप्ता 2024 विधानसभा चुनाव में जींद विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ सकते हैं ।जींद उनका गृह जिला है। उनका पैतृक गांव जुलाना विधानसभा क्षेत्र में आता है। भविष्य में अंबाला में लोकसभा के उपचुनाव की संभावना को देखते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल हरियाणा में अपना जनसंपर्क तेज कर सकते हैं। पार्टी अंबाला लोकसभा क्षेत्र में अपनी ताकत दिखाने में कोई कोर कसर बाकी नहीं छोड़ेगी।

