कई जिलों में सहकारी समितियों के कामकाज पर डॉ. अरविंद शर्मा ने जताई गहरी नाराजगी, सोनीपत जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के जीएम को लगाई कड़ी फटकार
हर महीने होगी समीक्षा बैठक, अधिकारी पूरा होमवर्क करके आएं और अपनी परफॉर्मेंस दिखाएं : डॉ. अरविंद शर्मा

कमजोर प्रदर्शन पर अधिकारियों को चेतावनी, कार्यप्रणाली में सुधार नहीं हुआ तो होगी विभागीय कार्रवाई
सोनीपत, 29 अक्टूबर। हरियाणा के सहकारिता, कारागार, पर्यटन, निर्वाचन एवं विरासत मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने प्रदेश के कई जिलों में सहकारी समितियों के कामकाज पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने सोनीपत जिला केंद्रीय सहकारी बैंक के महाप्रबंधक (जीएम) को कमजोर प्रदर्शन को लेकर कड़ी फटकार लगाते हुए कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि अगली समीक्षा बैठक में कामकाज में सुधार नहीं दिखा तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा बुधवार देर शाम को राई स्थित एथनिक इंडिया पर्यटन केंद्र में सहकारिता विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने सहकारी बैंकों, प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (पैक्स) और विभिन्न सहकारी सोसायटियों की जिलावार प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की। कई जिलों के कमजोर प्रदर्शन पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा कि अधिकारी अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाएं। केवल कागजी रिपोर्ट प्रस्तुत करने से काम नहीं चलेगा, धरातल पर परिणाम दिखाई देने चाहिए।
डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि अब सहकारिता विभाग की हर महीने समीक्षा बैठक होगी। सभी अधिकारी पूरा होमवर्क करके आएं और अपनी परफॉर्मेंस दिखाएं। प्रत्येक अधिकारी को पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों पर की गई कार्रवाई, उपलब्धियों और लंबित कार्यों का पूरा विवरण प्रस्तुत करना होगा। बेहतर काम करने वाले अधिकारियों को प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि लापरवाही बरतने वालों की जवाबदेही तय होगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सहकार से समृद्धि’ के संकल्प को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में आगे बढ़ाया जा रहा है। सहकारी बैंकों, पैक्स और सोसायटियों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना सरकार की प्राथमिकता है। किसानों और आमजन को सहकारिता विभाग की योजनाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में सहकारिता विभाग के प्रधान सचिव पंकज यादव, रजिस्ट्रार सहकारी समितियां (आरसीएस) सुभिता ढाका, सहकारी बैंकों के अधिकारी, सहकारी सोसायटियों के महाप्रबंधक, पैक्स प्रतिनिधि, सहायक रजिस्ट्रार (एआर) सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



