गोहाना के देवीनगर गौशाला के घनश्याम तायल तो जींद रोड गौशाला के अध्यक्ष बने सतीश गोयल
दोनों गौशालाओं के इतिहास में पहली बार वोटिंग, समान अध्यक्ष की परम्परा टूटी, अब अलग-अलग अध्यक्ष बने
गोहाना :-29 अक्तूबर : गोहाना की गौशालाओं के इतिहास में पहली बार वोटिंग से चुनाव हुआ।इस चुनाव ने दोनों गोशालाओं का समान अध्यक्ष होने की परिपाटी को अलविदा कह गया और दोनों गौशालाओं के अलग-अलग अध्यक्ष होने के युग का अभिनंदन कर दिया ।। रविवार को हुए चुनाव में दोनों गौशालाओं के लिए मतदान देवीनगर की श्रीकृष्ण आदर्श गौशाला में हुआ। जहां इस गौशाला के अध्यक्ष फिर से घनश्याम तायल बने, वहीं जींद रोड की श्री गोपाल कृष्ण गौशाला के मतदाताओं ने अपना आशीर्वाद सतीश गोयल को दे दिया।
गोहाना शहर में दो गौशालाएं हैं। इन गौशालाओं के लंबे समय से अध्यक्ष घनश्याम तायल चले आ रहे थे। वह हर बार सर्वसम्मति से चुन लिए जाते थे। लेकिन इस बार द्वन्द्व इतना बढ़ा कि विधिवत मतदान से चुनाव करवाने के लिए सोनीपत की सहकारी समितियों की जिला रजिस्ट्रार संजीत कौर को दखल देना पड़ा। चुनाव की पूरी प्रक्रिया उन द्वारा नियुक्त आर.ओ. संजीव सिंघल ने सम्पन्न करवाई।
दोनों गौशालाओं में घन श्याम तायल और सतीश गोयल के पैनल मैदान में थे जिनमें विभिन्न पदों के लिए आमने-सामने की सीधी टक्कर थी।चुनाव अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, सहसचिव, कोषाध्यक्ष तथा कार्यकारिणी के 6 सदस्यों के कुल 11 पदों के लिए था।
देवी नगर की श्री कृष्ण आदर्श गौशाला के चुनाव 26 वोट | अध्यक्ष पद के लिए घनश्याम तायल को 17 तो सतीश गोयल को 9 वोट मिले। ऐसे में तायल 8 वोट से विजयी हो गए। उपाध्यक्ष पद के लिए 2 वोटों से संदीप शर्मा जीते। उन्हें 14 तो टैक्स एडवोकेट शीशपाल गोयल को 12 वोट मिले। सचिव पद के लिए राम कंवर गर्ग 4 वोट से जीते। उन्हें 15 और उनके प्रतिद्वन्द्वी रामनिवास गर्ग को 11 वोट मिले। सह सचिव पद के लिए शुभम गोयल 6 वोट से जीते। उन्हें 16 तो पीतराम जिंदल को 10 वोट हासिल हुए। बाकी के 7 पदों में से 5 के लिए निर्विरोध चुनाव हुआ, तो दो पद खाली रह गए।
जींद रोड की श्री गोपाल कृष्ण गौशाला के चुनाव में 31 वोट डाले गए। अध्यक्ष पद के लिए सतीश गोयल ने अपने प्रतिद्वन्द्वी घनश्याम तायल को 3 वोट से परास्त कर दिया। दोनों उम्मीदवारों को क्रमश: 17 और 14 वोट मिले। सचिव पद के लिए राम कंवार गर्ग ने श्रीपाल सिंघल को 6 वोट से मात दी। गर्ग को 18 और सिंघल को 12 वोट मिले। सह सचिव पद के लिए कामयाबी विकास जैन को मिली। विकास जैन को 19 और जुगल किशोर मंगल को 12 वोट मिले। जैन 7 वोट से जीते।
इस गौशाला में कार्यकारिणी के 3 सदस्य पदों के लिए रमेश चंद्र को एक वोट से हरा कर जयभगवान, अत्तर सिंह को 5 वोट से हरा कर राम कुंवार गर्ग और पवन कुमार जिंदल जगदीश चंद्र गोयल को एक वोट से हरा कर जीत गए। बाकी के 5 पदों में से 4 का निर्णय पहले ही निर्विरोध हो गया था जब कि एक पद खाली छूट गया था।
वैसे जहां ताजा चुनाव ने अलग-अलग अध्यक्षों की प्रथा प्रारंभ कर दी, वहीं सचिव और कोषाध्यक्ष दोनों गौशालाओं के समान व्यक्ति हैं।कोषाध्यक्ष के रूप में अनिल गोयल दोनोंगौशालाओं में पहले ही निर्विरोध चुन लिए गए थे। सचिव पद के लिए दोनों गौशालाओं के लिए रविवार को विधिवत मतदान से राम कंवार गर्ग जीते।



