गोहाना :-16 अक्तूबर : नवरात्र महोत्सव पर शिव गंगा सेवा समिति ने इस बार शहर के शहीद स्मारक के निकट महावीर चौक में जो भव्य दरबार सजाया है, उसमें चिड़िया के आकार के दो छोटे-छोटे तोते श्रद्धालुओं को बेहद लुभा रहे हैं। वैसे भी इस बार मां के दरबार में लघु पशुओं और पंछियों की भरपूर बहार है। शिव गंगा सेवा समिति के मां के दरबार में 4 अबोल जीव भी आकर्षण के विशेष केंद्र हैं। दो विदेशी तोतों को देख कर आंखें चुंधिया रही हैं।
समिति के अध्यक्ष सुभाष पाहूजा के अनुसार ये तो विशेष रूप से दिल्ली से खरीद कर लाए गए हैं। इनमें से कोई भी तोता हरे रंग का नहीं है, न उसकी चोंच लाल है। एक तोता शाह सफेद रंग और दूसरा तोता विभिन्न रंगों का संगम हैं। उनकी चोंच उनके शरीर के रंग की ही हैं। 5 खरगोश हैं। तीन खरगोश दरबार के प्रवेश द्वार पर पिंजरे में हैं। दो खरगोश दरबार के भीतर यहां से वहां फुदकते रहते हैं।
मां के दरबार में मां दुर्गा की प्रतिमा के ऐन निकट रॉड पर बैठे 6 कबूतर एक-दूसरे से पूरी तरह से अलग रंग के हैं। ये कबूतर भी विदेशी हैं। ये रॉड पर ऐसे बैठे रहते हैं कि कृत्रिम प्रतीत होते हैं। लेकिन उनके पंजे भी नहीं बंधे हैं। इस के बावजूद वे पूरी तरह से स्थिर और शांतचित्त बैठे रहते हैं। दिल्ली से ही एक्वेरियम लाया गया। रंग-बिरंगी 16 छोटी-छोटी मछलियां लाई गई। लेकिन बिजली न रहने से ऑक्सीजन नहीं मिली तो 8 मछलियां दिवंगत हो गई।
सोमवार को दरबार में मां का आशीर्वाद लेने के लिए गोहाना नगर परिषद के पूर्व चेयरमैन आजाद सिंह मलिक भी पहुंचे। वह इस समय वार्ड 8 के नगर पार्षद हैं। उनके साथ उनकी पत्नी राजबाला मलिक भी पहुंचीं जो नगर परिषद की वर्तमान में वाइस चेयरपर्सन हैं।



