सोनीपत/खरखौदा :- दिल्ली से कैब बुक कर तीन बदमाशों ने खरखौदा के हलालपुर गांव के पास पश्चिमी यमुना लिंक नहर पर चालक से कार, मोबाइल और नकदी लूट लिए। इतना ही नहीं कार सवार युवकों ने गांव रोलद लतीफपुर में दुकानदार से मोबाइल, दो हजार रुपये, बीड़ी-सिगरेट के पैकेट तथा मोहाना में पेट्रोल पंप के कारिंदे से 10 हजार रुपये लूट लिए। खरखौदा और मोहाना थाना पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मूलरूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के गांव नदायल फिलहाल दिल्ली के मयूर विहार निवासी मुजीब खान ने कहा कि वह कैब चलाते हैं। उनकी कार उबर कंपनी में लगी है। मंगलवार देर रात करीब डेढ़ बजे उनकी वैगन आर कार को दिल्ली के मंगोलपुरी से तीन युवकों ने पानीपत के लिए बुक किया था। वह तीनों युवकों को लेकर पानीपत जा रहे थे तो हरियाणा की सीमा में प्रवेश करने के बाद हलालपुर के पास पश्चिमी यमुना लिंक नहर के नजदीक पहुंचे तो युवकों ने पिस्तौल दिखाकर कार रुकवा ली और उन्हें उतार कर उनका पर्स और मोबाइल छीन लिया। उनके पर्स में 15 सौ रुपये थे। युवक कार लेकर भाग गए। वारदात के बाद वह नजदीक के टोल पर पहुंचे और कार मालिक को लूट की सूचना दी। जानकारी मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने चालक मुजीब खान की शिकायत पर लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वैगन आर सवार युवकों ने दुकानदार से को लूटा
गांव रोलद लतीफपुर निवासी नवीन ने मोहाना थाना पुलिस को बताया कि वह गांव के खानपुर रोड पर परचून की दुकान चलाते हैं। वह बुधवार रात नौ बजे दुकान पर थे। इसी बीच पांच युवक उनकी दुकान में घुस गए और गल्ले से नकदी निकालने लगे। उन्होंने विरोध किया तो एक युवक ने उन पर पिस्तौल अड़ा कर जाने से मारने की धमकी दी। उसके बाद गल्ले से करीब दो हजार रुपये, उनका मोबाइल, बीड़ी व सिगरेट लूट ले गए। उन्होंने बाहर आकर देखा तो गांव सलीमसर ट्राली रोड पर एक वैगन आर कार खड़ी थी। युवक उसमें सवार होकर भाग गए।
कार में पेट्रोल डलवाकर पंप कर्मी से 10 हजार रुपये लूटे
दिल्ली से लूटी गई वैगन आर कार में सवार चार युवक बुधवार रात 9:40 बजे गोहाना रोड पर मोहाना के पास स्थित रौनक फिलिंग स्टेशन पर पहुंचे। वहां कर्मी कुलदीप से ढाई हजार रुपये का पेट्रोल डलवाया। पैसे मांगने पर कार सवार एक युवक ने कुलदीप के सीने पर पिस्तौल तान दी और उसकी जेब से 10 हजार रुपये निकाल लिए। वारदात की सूचना मिलने पर मोहाना थाना पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चला। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है। वैगन आर पर दिल्ली से लूटी गई कैब की ही नंबर प्लेट लगी थी।
तीनों वारदात एक ही गिरोह के अंजाम देने का अंदेशा
खरखौदा व मोहाना थाना क्षेत्र में हुई तीनों वारदात एक ही गिरोह की तरफ से किए जाने का अंदेशा है। खरखौदा थाना क्षेत्र से लूटी गई वैगन आर कार में मोहाना के पेट्रोल पंप पर लूटपाट की गई है और रोलद लतीफपुर के पास लूटपाट करने वाले भी वैगन आर कार में सवार थे। हालांकि दुकानदार उसका नंबर नहीं देख सका।



