CrimeSonipat
मोहाना में साईकल का खेल देखने गए युवक की रंजिशन हत्या ; गोलियाँ मारकर व चाकू से किया हमला, बचाव में आए तीन ग्रामीणों को धमकाया
मोहाना में साइकिल का खेल देखने गए युवक की रंजिशन हत्या करने का मामला ; वारदात को गांव मोहाना में देर रात अंजाम दिया गया। इस मामले में गांव के रहने वाले युवकों पर हमला करने का आरोप
मोहाना :- सोनीपत के गांव मोहाना में वृद्धाश्रम के पास साइकिल का खेल देखने गए युवक की रंजिश के चलते गोलियों व चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। युवक के पिता ने गांव के ही सात लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। हत्या को पांच साल पहले गांव में हुए हत्याकांड से जोड़कर देखा जा रहा है। जिसमें घटनास्थल पर गोली लगने से मृतक के भाई सुनील व गांव के दो सगे भाइयों की जान गई थी। मामले में मृतक युवक भी नामजद हुआ था।
गांव मोहाना निवासी बलबीर सिंह ने मोहाना थाना पुलिस को बताया था कि उनका बेटा आनंद (31) बुधवार रात को गांव के वृद्धाश्रम के पास साइकिल का खेल देखने के लिए गया था। रात साढ़े दस बजे गांव के रोहताश ने उन्हें जानकारी दी कि आनंद की गोलियां व चाकू मारकर हत्या कर दी गई है। उन्होंने बताया कि गांव के दीपक उर्फ मठोरी, दीपक कुमार, सागर, लक्ष्य, अमन व संदीप ने गोलियां मारकर व चाकू से हमला कर आनंद की हत्या कर दी है। जब रोहताश, आर्यन व सुनील ने बचाव का प्रयास किया तो उनकी तरफ फायर कर दिया। जिससे वह मौके से भाग निकले। जब वह मौके पर पहुंचे तो उनके बेटे का शव खून से लथपथ पड़ा था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या कुलदीप ने षड्यंत्र रचकर कराई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव मोहाना में 4 अगस्त, 2018 को प्लॉट में लेटे बिजेंद्र उर्फ विजय पर रंजिश के चलते गांव के ही सुनील पर गोली चलाने का आरोप लगा था। तब विजय ने सुनील के साथ हाथापाई कर दी थी। जिसमें सुनील को भी गोली लगी थी। इसी बीच मौके पर पहुंचे विजय के भाई प्रदीप पर भी सुनील पर गोली चलाने का आरोप लगा था। जिसमें तीनों घायलों को पीजीआई में ले जाया गया था। जहां तीनों की मौत हो गई थी। पुलिस ने मामले में विजय की परिवार की महिला दीपा के बयान पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। मामले में बुधवार रात को मौत के घाट उतारे गए आनंद को भी नामजद किया गया था।



