हरियाणा के कई जिलों में अगले दो घण्टे में आँधी बारिश की सम्भावना
हरियाणा में अगले 2 घंटे में कई जिलों में आंधी और गरज चमक का अलर्ट मौसम विभाग ने जारी किया। कई स्थानों पर आसमान पर बादल छाए हुए हैं। हालांकि प्रदेश के लोग सुबह से ही भयंकर गर्मी का सामना कर रहे हैं। अब साढ़े 5 बजे तक कई स्थानों पर मौसम खराब रहेगा। फिलहाल महेंद्रगढ़ में बूंदाबांदी शुरू हो गई है। यहां आधे घंटे में 0.5 एमएम बारिश रिकॉर्ड हुई है। नारनौल में भी तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई है। यहां कुछ स्थानों पर ओले गिरे हैं। अन्य जिलों में भी 2 से ढ़ाई घंटे राहत देने वाले हो सकते हैं।
IMD चंडीगढ़ की ओर से अल्पकालीन बुलेटिन में बताया गया है कि अगलग ढ़ाई घंटों में गुरुग्राम, नारनौल, अटेली, महेंद्रगढ़, कनीना, भादरा, लोहारू, चरखी दादरी, भिवानी, तोशाम, बावल, रेवाड़ी, पटौदी, कोसली, मातनहेल, झज्जर,
बहादुरगढ़, सांपला, रोहतक, सिवानी, बवानी खेड़ा, खरखौदा, सोनीपत, महम, गोहाना में आंधी, गरज चमक के साथ हलकी बारिश की संभावना है। यहां अचानक से 40 से 60 किलोमीटर की रफ्तार से हवा चलेगी।
मौसम विभाग के अनुसार फिरोजपुर झिरका, नूंह, तावडू, सोहना, नांगल चौधरी, रोहतक, हांसी, हिसार, जुलाना में भी आंधी/बिजली/अचानक तेज हवा (30-40 किमी प्रति घंटे) के साथ मध्यम बारिश की संभावना है।
भीषण गर्मी झेल रहे हरियाणा में आज कई जिलों में सवेरे से मौसम बदला हुआ है। महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, भिवानी, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, हिसार, सिरसा व फतेहाबाद में फिलहाल 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चली और गरज चमक के साथ बूंदाबांदी हुई। इस बीच प्रदेश में न्यूनतम पारा रात को 1.7 डिग्री तक बढ़ गया। अब यह सामान्य के करीब बना हुआ है।
मौसम विभाग का मानना है कि अगले दो दिन तक अधिकतम तापमान में 2 डिग्री तक की बढ़ोतरी होगी। यह 44 डिग्री तक पहुंच सकता है। हालांकि इस सबसे के बीच राहत की बात है कि प्रदेश के लोगों को अभी लू का सामना नहीं करना पड़ेगा। जिस तरह का मौसम चल रहा है, उसमें 10 व 11 जून को भी सुबह और रात के समय अंधड़ व गरज चमक देखने को मिलेगी। 10 जून से प्री मानसून के आने की संभावना है, लेकिन इसके बारे में अभी मौसम विभाग ने अपने बुलेटिन में इस बारे में जानकारी नहीं दी है।
प्रदेश में गुरुवार को महेंद्रगढ़, सोनीपत व सिरसा 41.2 डिग्री तापमान के साथ सबसे गर्म रहे थे। अब इसके बाद बीती रात की बात करें तो सबसे कम अंबाला AWS में 22.1 डिग्री न्यूनतम तापमान रहा। 27.9 डिग्री तापमान के साथ गुरुग्राम की रात सबसे गर्म रही। रात को 25 सेंटरों में 14 में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री से 27.9 डिग्री तक रहा। 20 दिन में पहली बार अब पारा बढ़ कर सामान्य के करीब पहुंचा है।
प्रदेश में आज गर्मी के क्या हाल रहने वाले हैं। इसका अंदाजा जींद के वर्तमान यानी सुबह 10 बजे के तापमान को देखकर लग रहा है। जींद में अभी पारा 36.7 डिग्री पर है। लोगों को गर्मी सुबह से ही पसीना छुड़ाने लगी है। दोपहर होते होते पारा 5 डिग्री तक बढ़ने की संभावना है। सोनीपत का अधिकतम तापमान 10 बजे 36 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है।

