बड़ौता गांव स्थित राजकीय कॉलेज और शहर में छोटूराम चौक स्थित बीईओ कार्यालय में शुक्रवार को लिपिक वर्गीय कर्मचारियों ने काले कपड़े पहनकर, बाजू पर काली पट्टी बांधकर और बल्ले लगाकर रोष जताया।
गोहाना :- बड़ौता गांव स्थित राजकीय कॉलेज और शहर में छोटूराम चौक स्थित बीईओ कार्यालय में शुक्रवार को लिपिक वर्गीय कर्मचारियों ने मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने काले कपड़े पहनकर, बाजू पर काली पट्टी बांधकर और बल्ले लगाकर रोष जताया। इसके साथ ही उन्होंने सरकार पर भी हड़ताल की अवधि को अवकाश मानने पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। बड़ौता के राजकीय कॉलेज में लिपिक वर्गीय कर्मचारी काले कपड़े पहनकर पहुंचे। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों ने 35400 रुपए का पे-ग्रेड देने की मांग को लेकर 42 दिनों तक हड़ताल की थी।
सीएम के साथ उनकी राज्य कार्यकारिणी की मीटिंग हुई थी। इसमें हड़ताल में शामिल लिपिक वर्गीय कर्मचारियों की एक सप्ताह की अर्जित अवकाश काटकर अन्य दिनों को ड्यूटी में गिने जाने का वादा किया था। अब अधिकारी कर्मचारियों की हड़ताल की अवधि को अवकाश में गिन रहे हैं। शिक्षा विभाग के लिपिक वर्गीय कर्मचारियों ने बीईओ कार्यालय में एकत्रित होकर प्रदर्शन किया। कर्मचारी सोनिया, इंद्रावती, अश्विनी, रवि, हर्ष, सुरेश ने कहा कि सरकार ने मांगे पूरी करने का आश्वासन देने के बाद वादाखिलाफी की है। इससे कर्मचारी वर्ग में रोष है। कर्मचारियों की मांगों को पूरा नहीं किया तो जल्द ही आंदोलन की घोषणा की जाएगी।



