हरियाणा के 13 जिलों में मौसम विभाग का येलो अलर्ट जारी
हरियाणा में आज रात के लिए 13 जिलों में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। राज्य के भिवानी, फरीदाबाद, गुड़गांव, झज्जर, महेंद्रगढ़, मेवात, पलवल, रेवाड़ी, फतेहाबाद, हिसार, जींद, कैथल, सिरसा में बिजली की गरज, तेज हवाएं, गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि इन जिलों में 40 किलोमीटर की गति से तेज हवाएं चल सकती हैं।
कल भी ऐसा ही रहेगा मौसम
पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान पर एक कम दबाव का क्षेत्र बना है। इसके प्रभाव से हरियाणा के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहेंगे। राज्य के कुछ स्थानों पर 6 से 7 जून के दौरान तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी या बारिश होने की संभावना है। 8 जून को पश्चिमी विक्षोभ के आगे निकलने के बाद एक बार फिर से हवाओं की दिशा बदलेगी और 9 जून से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज होगी।
दो दिन 40 से कम ही रहेगा पारा
राज्य में बूंदाबादी और हवाओं के कारण दिन का तापमान स्थिर बना रहेगा। संभावना रहेगी कि अधिकतम तापमान 32 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हो। यह जो सामान्य से 3.0 से 9.0 डिग्री सेल्सियस तक नीचे दर्ज किया गया है। वहीं, न्यूनतम तापमान 21.0 से 24.0 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जाएगा।
42 डिग्री तक पहुंचेगा अधिकतम तापमान
चंडीगढ़ मौसम विभाग के अनुसार, अरब सागर पर एक चक्रवाती तूफान बनने से पश्चिमी गर्म हवाओं के साथ अरब सागर की नमी वाली हवाओं का मिश्रण होने से हरियाणा में उमस भरी गर्मी अपने तेवर दिखाएगी। आने वाले दिनों में दिन के अधिकतम तापमान 40.0 से 42.0 डिग्री सेल्सियस के पास पहुंचने की संभावना बन रही है।


