मूलरूप से गांव मोई माजरी फिलहाल सोनीपत के मयूर विहार गली नंबर-25 निवासी रौनक ने कुंडली थाना पुलिस को बताया कि वह रात को दिल्ली के उत्तम नगर से अपने फोर-व्हीलर में 12 वाशिंग मशीन व सात फ्रिज लोड कर गोहाना के लिए चले थे। जब वह रात करीब 11 बजे नाथूपुर फ्लाईओवर पर पहुंचे तो टाटा-ऐस सवार पांच-छह युवकों ने उनकी गाड़ी के आगे अपनी गाड़ी अड़ा दी। जिससे उन्होंने अपनी गाड़ी को रोक दिया। उनकी गाड़ी के रोकते ही युवक नीचे उतरे और उनकी गर्दन पर चाकू अड़ा दिया। तीन युवकों ने उनके हाथ-पैर बांध दिए और उन्हें अपनी गाड़ी में डाल लिया।
उनको बंधक बनाकर वह सफियाबाद की तरफ चल दिए। एक बदमाश उनकी गाड़ी लेकर चल पड़ा। वह उन्हें सफियाबाद पुल के नीचे खेड़ी मनाजात रोड पर ले गए। वहां पर उन्होंने नीचे उतार दिया। उन्होंने उनकी गाड़ी से 11 वाशिंग मशीन व चार फ्रिज अपनी गाड़ी में लोड कर लिए। उनका मोबाइल व गाड़ी के कागजात भी छीन लिए गए। उसके बाद वह उन्हें छोडक़र भाग गए। बदमाश एक वाशिंग मशीन व तीन फ्रिज उनकी गाड़ी में छोड़ गए। उन्होंने बंधनमुक्त होकर पुलिस को मामले से अवगत कराया। पुलिस ने लूट व अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बदमाशों ने काफी दूर तक घसीटा
पीड़ित चालक रौनक ने बताया कि बदमाशों ने उनके हाथ-पैर बांधने के बाद उन्हें अपनी गाड़ी में डाल लिया था। उसके बाद वह उसे सुनसान सफियाबाद रोड पर ले गए। वहां पुल के नीचे ले जाने के बाद उन्हें गाड़ी से गिरा दिया। उसके बाद एक एकड़ तक हाथ-पैर बांधे हुए ही घसीटकर ले गए। जिससे उन्हें चोट आई। बाद में उन्हें वहीं फेंक दिया और सामान लेकर भाग गए।
चालक को बंधक बनाकर सुनसान स्थान पर ले जाने के बाद फ्रिज व वाशिंग मशीन लूट की शिकायत मिली है। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। बदमाशों का पता लगाने के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे है। -इंस्पेक्टर ऋषिकांत, थाना प्रभारी कुंडली।



