सोनीपत के खरखौदा से पहुंचे एयरफोर्स के जवान ने सुनाई आपबीती ; बोला : पत्नी खुद जबरन उसके घर घुसी और फिर पुलिस थाने पहुंच लगाया दुराचार का आरोप, केस दर्ज कराया
अंबाला :- हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने शनिवार को अपने आवास पर लोगों की समस्याओं को सुना और और संबंधित अधिकारियों को निदान करने के दिशा-निर्देश भी दिए। इस दौरान सोनीपत के खरखौदा से पहुंचे एयरफोर्स के जवान ने आपबीती सुनाई।

जवान ने कहा कि पत्नी खुद जबरन उसके घर घुसी और फिर पुलिस थाने पहुंच दुराचार के आरोप लगा दिए। अब पुलिस उसकी सुनवाई नहीं कर रही। इस पर संज्ञान लेते हुए गृह मंत्री अनिल विज ने तुरंत सोनीपत पुलिस कमिश्नर को सैनिक की शिकायत पर जांच एवं त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
सैनिक का पत्नी से चल रहा तलाक का केस
एयरफोर्स पठानकोट में कार्यरत व खरखौदा निवासी सैनिक ने बताया कि उसका पत्नी से तलाक का केस चल रहा है। उसकी पत्नी मायके में रह रही है। सैनिक ने बताया कि कुछ दिन पहले ही उसकी पत्नी महज 2 मिनट के लिए जबरन उनके घर में दाखिल हुई। इसके बाद खरखौदा थाने में जाकर पत्नी ने उसी के खिलाफ दुराचार व अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज करा दिया। गृह मंत्री ने पुलिस कमिश्नर सोनीपत को मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए।


