देश-दुनिया में अपनी प्रतिभा का डंका बजाने वाले नौ दिग्गजों को ‘भिवानी गौरव अवार्ड’
भावुक हुए विजेता, 14 वां आयोजन बना यादगार


भिवानी, 15 नवंबर । अपनी मेधा, कौशल, सामाजिक सरोकार निभाने की कुशलता और समाज की दिशा और दशा को सकारात्मक रूप देकर
देश व दुनिया में भिवानी का नाम रोशन करने वाली नौ विशिष्ट हस्तियों को रोहिणी, दिल्ली में आयोजित विशेष समारोह में ‘भिवानी गौरव अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।
भिवानी परिवार मैत्री संघ के 14 वें ‘भिवानी गौरव अवार्ड’ वितरण समारोह में राधास्वामी सत्संग, दिनोद के परम संत हुजूर कंवर साहिब जी महाराज के हाथों से पुरस्कार पाकर सभी अवार्डी भावुक व अभिभूत हो गए। अपने संक्षिप्त संबोधन में इसका जिक्र भी उन्होंने किया। साथ ही अवार्ड पाने वाले हर दिग्गज ने अपने व्यावसायिक सफर की बाधाओं, संघर्ष, प्रेरक प्रसंगों और सफलताओं का उल्लेख भी किया।
बीपीएमएस के अध्यक्ष, अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कवि और देश के जाने-माने एंकर राजेश चेतन ने प्रभावशाली मंच संचालन से एक बार फिर साबित किया कि क्यों उनके प्रशंसकों, फॉलोअर्स की संख्या लगातार तीव्र गति से बढ़ रही है।
राजेश चेतन ने बताया कि समारोह तीन सत्रों में आयोजित हुआ। पहला सत्र श्री जगन्नाथ सर्राफ की स्मृति में आयोजित किया गया। सेवामूर्ति सूरजभान बगड़िया की स्मृति में दूसरा तथा श्री कुलदीप राज महाजन की स्मृतियों को समर्पित रहा तीसरा सत्र।
सम्मान पाने वालों में शिक्षा, पत्रकारिता, साहित्य, खेल, सेवा, कला-संगीत, राष्ट्र सेवा और लोक प्रशासन क्षेत्र के दिग्गज शामिल थे।
सभी अवार्डियों के बारे में दो से ढाई मिनट (अलग-अलग) की विशेष डॉक्युमेंट्री दिखाई गई।
इन विशिष्ट हस्तियों को मिला ‘भिवानी गौरव अवार्ड’ –
1.चौ. बंसीलाल सम्मान (लोक प्रशासन एवं ग्राम विकास) – सांसद श्री एन.डी. गुप्ता, भिवानी-दिल्ली।
2 श्री राम कृष्ण गुप्ता सम्मान (शिक्षा)- डॉ. नरेश कौशिक, काइला-हिसार।
3.बाबू बनारसी दास गुप्ता सम्मान (पत्रकारिता) – श्री बलवान शर्मा, भिवानी-नारनौल।
4.पं. माधव मिश्र सम्मान (साहित्य)- डॉ. जोगेंद्र कुमार, रतेरा-भिवानी।
5.श्री सुरजीत सिंह सम्मान (खेल) – श्री पूनम शर्मा, भिवानी-कुरुक्षेत्र।
6.श्री फकीर चंद सम्मान (सेवा)- श्री रामदेव तायल, भिवानी।
7.पं.गोपाल कृष्ण सम्मान (कला एवं संगीत)- श्री दिनेश रल्हन, चांग-दिल्ली।
8.पं. नेकी राम शर्मा सम्मान (राष्ट्र सेवा)- श्री जीतराम गुप्ता (एडवोकेट), चरखी दादरी
9.नारायणी देवी भग्गनका सम्मान (ओजस्विनी) – डॉ. प्रियंका ‘सौरभ’, बड़वा-भिवानी।
राजेश चेतन ने बताया कि सभी विभूतियों ने अपने-अपने क्षेत्र में समाज के लिए अनुकरणीय कार्य करके मिसाल कायम की है।
समारोह के दौरान आकर्षक हरियाणवी नृत्य प्रस्तुतियों ने सभी उपस्थित अतिथियों को मंत्रमुग्ध किया।
————–
बाक्स
अग्रसेन भवन के पास बनेगा 200 बेड का अस्पताल
गौरव अवार्ड पाने वाले समाज सेवी श्री रामदेव तायल ने अनेक महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने बताया कि सौ करोड़ रुपये के खर्च से भिवानी में भव्य और विराट अग्रसेन भवन का निर्माण तीव्र गति से पूर्णता की ओर है। उन्होंने बताया कि अग्रसेन भवन के पास 200 बेड का अस्पताल भी बनाया जाएगा।
चौ. बंसीलाल सम्मान पाने वाले राज्यसभा सांसद श्री एन.डी. गुप्ता ने पूर्व मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री चौधरी बंसीलाल के बारे में अनेक संस्मरण ऑडियंस के साथ शेयर किए।



