हिसार :- हरियाणा के निकाय मंत्री कमल गुप्ता ने हिसार से 25 किलोमीटर दूर अग्रोहा में विश्वस्तरीय अग्रसेन ग्लोबल सिटी बनाने का प्रस्ताव सीएम के पास रखा है। साथ ही हजारों वर्षों से अग्रोहा के टीले में दबा हुआ गौरवमयी इतिहास उजागर हो इसके लिए भी भारतीय पुरातत्व विभाग द्वारा खुदाई का कार्य शीघ्र करवाने का प्रस्ताव भी सीएम के सामन रखा गया है। अग्रोहा महाराजा अग्रसेन की कर्म स्थली है।
शहरी निकाय मंत्री ने कहा कि इस प्रस्ताव का उद्देश्य विश्व में अग्रोहा को धार्मिक व पर्यटन स्थल की पहचान दिलाना है, ताकि देश-विदेश के पर्यटक यहां आकर गौरव की अनुभूति कर सकें।
अग्रोहा में ये बनाने की प्लानिंग
कमल गुप्ता ने बताया कि योजना के तहत अग्रोहा में विश्व की सबसे ऊंची महाराजा अग्रसेन की मूर्ति स्थापित करना, अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय अग्रजनों को ठहराने के लिए अग्रसेन नगर की स्थापना, अग्रगुरुजनों के लिए आश्रमों का निर्माण, साउंड एंड लाइट प्रोग्राम, महाभारत सर्किट से जोड़ने की व्यवस्था,अग्रकुल बच्चों के लिये भारतीय संस्कृति पर आधारित विश्वविद्यालय ,राष्ट्रीय आयुष चिकित्सा केंद्र,देश का अति आधुनिक रेलवे स्टेशन, आधुनिक बस अड्डा अन्य संकल्पों के साथ योजना को शामिल किया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि सरकार पर योजना का कोई वित्तीय प्रभाव न पड़े, केवल प्रशासनिक सहयोग और भूमि प्रबंधन की ही अपेक्षा रखी गई है। सबसे अच्छी बात तो यह होगी कि देश-विदेश में फैले समर्थ अग्रजनों के सहयोग से योजना का पूरा किया जाएगा।
18 सेक्टरों में विकसित होगा
महाराजा अग्रसेन के इतिहास संस्कृति को जीवित रखते हुए आने वाली पीढ़ियों के लिए आस्था के केंद्र के रूप में विकसित होगा। उन्होंने बताया कि अग्रोहा ग्लोबल सिटी का निर्माण 25 किलोमीटर की परिधि में होगा और उसमें अग्रवालों के 18 गोत्रों के नाम पर 18 सेक्टरों में विकसित होगा। वैश्विक नगर की परिधि में ही विकसित हो रहा अंतरराष्ट्रीय स्तर का हवाई अड्डा भी होगा।



