हरियाणा के सोनीपत के भटगांव में महिला सरपंच और पंच परिवार के बीच चल रहा विवाद बढ़ गया है। आरोप है कि सरपंच प्रियंका के परिवार के सुमित ने जो कि पुलिस में हैं, ने पंच के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और पंच के परिवार की एक गर्भवती महिला के पेट में लात मारी। महिला को ज्यादा ब्लीडिंग होने पर अस्पताल में दाखिल कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस कर्मी की गुंडागर्दी से ग्रामीणों में रोष है। हालांकि सरपंच परिवार ने आरोपों को चुनावी रंजिश बताया है।
जानकारी के अनुसार गांव भटगांव डुंगरान में प्रियंका को सरपंच चुना गया है। आरोप है कि उसका सारा कार्य उसके ससुर करण सिंह करते हैं। महिला सरपंच के परिवार के सुमित पुलिस मे हैं। आरोप है कि सरपंच ससुर गांव के सभी पंचों से कोरे कागज पर सिग्नेचर करवाते हैं। सिग्नेचर का एक पंच दिव्या द्वारा विरोध किया गया तो उससे रंजिश शुरू हो गई।
पंच परिवार के साथ पहले भी कई बार धमकी और गाली गलौज के मामले सामने आए हैं। परिवार की गाड़ी में आग लगाने की भी धमकी दी गई थी। इसी को लेकर पंच दिव्या के परिवार ने अपने घर के सामने सीसीटीवी लगवा लिए। आरोप है कि सरपंच के पति सुमित ने सीसीटीवी को भी तोड़ दिया गया। वारदात का वीडियो सीसीटीवी में भी कैद हुआ है। वही पंच परिवार का आरोप है कि उन्हें पुलिस की भी धौंस दिखाई जा रही है।
भटगांव की पंच दिव्या ने बताया कि पुलिस कर्मचारी सुमित ने उसके परिवार की गर्भवती महिला के पेट में लात मारी। इसके चलते महिला की हालत गंभीर है और हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। गर्भवती के पेट में 5 महीने का बच्चा पल रहा था। उन्होंने बताया कि सरपंच को पद से हटाने के लिए पंच मेंबरों ने DC को भी शिकायत दी हुई है। इसी की रंजिश रखते हुए पंच परिवार के साथ मारपीट हुई है।
थाना सदर के जांच अधिकारी दिलबाग सिंह ने बताया कि पुलिस को शिकायत मिली है। मामले में जांच कर रही है। पुलिस ने दावा किया है दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत होगी, जो दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई कर दी जाएगी। दूसरी तरफ सरपंच परिवार ने मारपीट के आरोपों को गलत बताया।



