सोनीपत :- हरियाणा के सोनीपत में एक व्यक्ति ने सरकारी जमीन पर बने नलकूप की चार दीवारी तोड़ दी और सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का प्रयास किया। आरोप है कि व्यक्ति चारदीवारी की ईंट भी चुरा ले गया। मौके पर ट्यूबवेल ऑपरेटर भी था, लेकिन उसकी ओर से किसी प्रकार की जानकारी अधिकारियों को नहीं दी गई। पुलिस ने पब्लिक हेल्थ के एसडीओ की शिकायत पर एक व्यक्ति के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पब्लिक हेल्थ के गन्नौर के एसडीओ प्रदीप कुमार ने थाना मुरथल में दी शिकायत में बताया कि गांव कुराड इब्राहिमपुर में साद मंदिर के सामने जन स्वास्थ्य विभाग का नलकूप लगा हुआ है। यहां पर चारदीवारी भी बनाई गई थी। एसडीओ ने बताया कि गांव के ही सोमबीर ने टेबल की चार दीवारी को तोड़कर ईंटों की चोरी कर ली और सरकारी जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की।
उन्होंने बताया कि इस नलकूप पर ग्राम पंचायत की ओर से गांव के मेहर सिंह को ऑपरेटर लगाया गया है। ऑपरेटर ने भी अवैध कब्जे के इस मामले की जानकारी विभाग को नहीं दी। उसने ड्यूटी में घोर लापरवाही बरती है। पुलिस ने सोमबीर के खिलाफ धारा 379, 427, 447, 511 आईपीसी के तहत केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।



