12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 15 जून को आयोजित होगी जिला स्तरीय योग मैराथन
15 जून को सुबह 06 बजे लघु सचिवालय से होगा योग मैराथन का शुभारंभ
-विभिन्न आयु वर्गों के प्रतिभागियों के लिए रखी गई हैं प्रतियोगिताएं, विजेताओं को किया जाएगा सम्मानित
सोनीपत, 13 जून। 12वें अंतराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में उपायुक्त नेहा सिंह के नेतृत्व में 15 जून को जिला स्तरीय योग मैराथन का आयोजन किया जाएगा। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ० रामावतार सिंह ने बताया कि योग मैराथन का उद्देश्य आमजन को योग के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ एवं निरोगी जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
उन्होंने बताया कि योग मैराथन 15 जून को सुबह 06 बजे आयोजित होगी, जिसका शुभारंभ लघु सचिवालय से किया जाएगा। इसके पश्चात प्रतिभागी हैबीटेट क्लब रोड, महलाना रोड, तिरंगा चौक, सुभाष स्टेडियम के सामने से होते हुए छोटूराम चौक के रास्ते पुन: लघु सचिवालय पहुंचेंगे, जहां मैराथन का समापन होगा।
डॉ. रामावतार सिंह ने बताया कि योग मैराथन में युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों तथा आमजन की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए दो आयु वर्ग निर्धारित किए गए हैं। पहली श्रेणी में 40 वर्ष तक के पुरुष एवं महिलाएं तथा दूसरी श्रेणी में 40 वर्ष से अधिक आयु के पुरुष एवं महिलाएं भाग लेंगी। प्रत्येक श्रेणी में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ रखने का कार्य करता है। नियमित योगाभ्यास से तनाव कम होता है, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है तथा व्यक्ति सकारात्मक ऊर्जा से भर जाता है। योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि संतुलित एवं स्वस्थ जीवन जीने की एक संपूर्ण जीवन पद्धति है।
उन्होंने जिला के युवाओं, महिलाओं, खिलाडिय़ों, सामाजिक संगठनों, सरकारी कर्मचारियों एवं आम नागरिकों से योग मैराथन में बढ़-चढक़र भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि योग मैराथन के माध्यम से न केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ेगी, बल्कि समाज में फिटनेस और सकारात्मक जीवनशैली को भी बढ़ावा मिलेगा।



