गौसेवा आयोग को जीवंत कर गौवंश को समृद्ध कर रही नायब सरकार: डॉ अरविंद शर्मा
गौसेवा संकल्प में भागीदारी करे जनता-जनार्दन, गाय को माता की तरह सम्मान दें आमजन

गोहाना, 2 मार्च। सहकारिता, कारागार, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व की भाजपा सरकार ने गौसेवा आयोग को जीवंत करते हुए गौवंश को समृद्ध बनाने व उनकी देखभाल पर जोर दिया है। आज हरियाणा में गऊ सेवा पर हर साल 510 करोड़ रुपए का बजट खर्च किया जा रहा है। ऐसे में आमजन को भी गऊ माता की सेवा करने के लिए प्रेरित होना चाहिए।
रविवार को गोहाना विधानसभा के गांव भटगांव में श्री धर्मार्थ गऊशाला के 125वें वार्षिकोत्सव एवं दानियों के अभिनंदन समारोह में मुख्यातिथि के तौर पर सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने शिरकत की। आसपास के गांवों से आए जनसमूह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गौवंश को भरपूर मान-सम्मान दिलाने के लिए बड़े कदम उठाए हैं। उन्होंने गौसेवा का जो संकल्प लिया है, उसमें जन-जन की भागीदारी जरूरी है। इसलिए हमें मिलकर गौवंश को समृद्ध अवस्था में लाने के लिए मिलकर काम करना होगा। गऊ माता की सेवा करना माता की सेवा करने के समान होता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गौमाता के मान-सम्मान को बढ़ावा देने की दिशा में ऐतिहासिक प्रयास किए, जिसकी बदौलत आज देश ही नहीं, अपितु प्रदेश में भी गौवंश संरक्षण को लेकर प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं।
कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि वर्ष 2014 से पहले प्रदेश में गौवंश को समृद्ध बनाने व उनके लिए मूलभूत सुविधाओं में वृद्धि करने के लिए महज 2 करोड़ रुपए सालाना बजट था। लेकिन भाजपा सरकार बनने के बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा गौसेवा आयोग को विस्तार दिया गया और आज मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अगुवाई में सालाना गौसेवा आयोग का बजट 2 करोड़ रुपए से बढ़कर 510 करोड़ रुपए हो चुका है। उन्होंने कहा कि फरवरी में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में पंजीकृत गौशालाओं को 216 करोड़ रुपए की राशि जारी की थी। यही नहीं सरकार निरन्तर गौवंश के लिए व्यवस्था को बेहतर कर रही है। उन्होंने कहा कि बीते साल में भटगांव गौशाला में प्रदेश सरकार द्वारा 62 लाख 55 हजार रुपए की राशि जारी की गई, ताकि गौवंश के चारे को लेकर समिति को परेशानी का सामना न करना पड़े।
कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ से आह्वान किया कि वो गौवंश को लेकर अपनी जिम्मेदारी को समझें और सरकार के साथ मिलकर गौवंश सुधार की प्रक्रिया में अपना योगदान दें। इस अवसर पर गौसेवा आयोग के चेयरमैन श्रवण गर्ग, सदस्य राकेश मलिक, पूर्व विधायक सुखबीर फरमाणा, श्री धर्मार्थ गऊशाला भटगांव प्रधान बलवंत सिंह, महासचिव रामनिवास, संजय दहिया, राजेश सरपंच महीपुर, जिला पार्षद मोनू डागर, नीरज सरपंच भटगांव, राजेंद्र कालीरमण, नारायण, रमेश कुमार, सुभाष सिसोदिया, हरिओम, जयभगवान शर्मा, धर्मचंद जांगड़ा, अनिल शर्मा, नवीन खत्री, श्याम लाल, अतर सिंह, सुमेर सिंह, राजेन्द्र भारद्वाज, सुनील शर्मा, सुमित महलाना, कपूर सिंह आदि उपस्थित रहे।