सोनीपत स्टेशन से सारंग रोड की तरफ मार्ग का निर्माण के चलते किया गया बंद
जिससे रेलवे रोड, सारंग रोड व गीता भवन चौक के पास जाम की स्थिति बनी

सोनीपत :-रेलवे अधिकारियों ने सारंग रोड की तरफ जाने वाले मार्ग को निर्माण के चलते बंद कर दिया। जिससे रेलवे रोड, सारंग रोड व गीता भवन चौक के पास जाम की स्थिति बनी रही। मार्ग बंद किए जाने से गीता भवन चौक व गोहाना रोड पर अचानक वाहनों का दबाव बढ़ गया।
गीता भवन चौक से रेलवे रोड, गोहाना रोड व बस अड्डा की तरफ जाने वाले मार्ग पर रुक-रुककर जाम लगता रहा।
सोनीपत जंक्शन को विस्तार देने व सुविधाएं बढ़ाने के उद्देश्य से भवन विस्तार किया जा रहा है। साथ ही स्टेशन के साथ सारंग रोड की तरफ जर्जर हालत को देखते हुए सड़क निर्माण का कार्य शुरू किया गया है। इसके तहत रेलवे अधिकारियों ने वीरवार को सारंग रोड की तरफ से इस मार्ग पर एंगल डालकर बंद कर दिया। जिससे वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ी। ऐसे में गीता भवन चौक की तरफ जाने वाले सभी मार्गों पर घंटों वाहन चालक रेंगते रहे। रेलवे रोड का हिस्सा बंद होने से दयाल चौक से गीता भवन चौक, रेलवे रोड, गीता भवन फ्लाईओवर पर जाम की स्थिति बनी रही। ट्रैफिक पुलिस ने मोर्चा संभाला तो कुछ राहत मिली। रेलवे की तरफ से बिना ठोस योजना तैयार किए रास्ता बंद किए जाने पर लोगों ने सवाल उठाए हैं।
बनी रही जाम की स्थिति
रेलवे की तरफ से मार्ग बंद किए जाने के बाद वाहन चालकों की परेशानी बढ़ गई। रेलवे स्टेशन, नगर निगम कार्यालय व सुभाष चौक की तरफ आने वाले वाहन चालकों को जब इस बारे में सूचना मिली तो वह गीता भवन चौक की तरफ से आवागमन करने लगे, लेकिन वहां वह जाम से जूझते रहे। रेलवे का मार्ग बंद होने से वाहन चालकों को गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ा।
सोनीपत स्टेशन से सारंग रोड की तरफ मार्ग का निर्माण किया जा रहा है। जिसके चलते मार्ग को बंद किया गया है। निर्माण होते ही इसे खोल दिया जाएगा।
– नरेश कुमार, सीनियर सेक्शन इंजीनियर, सोनीपत



